Weather Updates: मई के महीने में आमतौर पर देश के नागरिक भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप का सामना कर रहे होते हैं। लेकिन इस बार मौसम ने ऐसी करवट ली है कि शुरुआती महीने में लोग गुलाबी ठंड का एहसास कर रहे हैं। लगातार हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। सोमवार को दिल्ली के कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। इससे तापमान में 13 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग (India Meteorological Department -IMD) ने सोमवार को उत्तर भारत के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिससे यह साल 2010 के बाद से मई महीने का दूसरा सबसे ठंडा दिन (2nd coolest May day) रहा।
मौसम विभाग ने आज भी बारिश की संभावना जताई है। सोमवार शाम तक दिल्ली में 14.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं साल 2022 में 31 मई को 17.8 मिमी बारिश हुई थी। आईएमडी के मुताबिक अभी दो से तीन दिन तक बारिश हो सकती है। जिससे पारा और गिर सकता है। फिलहाल गले कुछ दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार (Naresh Kumar) ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ (Western disturbances ) के चलते उत्तर भारत के कई इलाकों के लिए 3 दिन का ऑरेंज अलर्ट (orange alert) जारी किया गया है। अगले 3 दिनों तक दिल्ली में बारिश हो सकती है। कुमार ने आगे बताया कि आंधी औमतौर पर मार्च-अप्रैल महीने में आती है। लेकिन इस साल अगले महीने तक भी आ सकती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा क्षेत्र के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह, पूर्वी हिस्से में भी, बिहार, झारखंड से लेकर दक्षिण कर्नाटक आंतरिक क्षेत्र में भारी बारिश हो सकती है। आंधी की वजह से देश के ज्यादातर इलाकों में तापमान में कमी आएगी। दिल्ली-NCR में 9-10 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिर सकता है। 3-4 दिनों तक बादल छाए रह सकते हैं। इसके बाद तामपान में मामूली इजाफा हो सकता है।
कई राज्यों में गिर सकते हैं ओले
वहीं IMD के मुताबिक उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में ओला गिरने का अनुमान जताया गया है। हरियाणा और यूपी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है।
इसके अलावा केरल, आंतरिक कर्नाटक, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, शेष पूर्वोत्तर भारत, मराठवाड़ा और राजस्थान और गुजरात में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश संभव है।