Weather Updates: उत्तर भारत में कई हिस्सों में गलन भरी शीतलहर का प्रकोप जारी है। दिल्ली-NCR कड़क ठंड की मार झेल रही है। जिससे लोग कांप रहे हैं। पहाड़ी इलाकों में बर्फीली हवाएं चलने से मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान काफी कम हो गया है। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठिठुरन वाली ठंड के बीच दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई राज्य घने कोहरे की चादर में लिपटे हैं। राष्ट्रीय राजधानी और आस-पास के इलाके घने कोहरे में गुम हैं। सड़कों पर जीरो विजिबिलिटी की वजह से गाड़ियों के इंडिकेटर भी दिखाई देने मुश्किल हो रहे हैं। उधर, घने कोहरे के चलते सड़क, रेल सेवा और हवाई यात्रा भी प्रभावित हुई है। कई ट्रेनें लेट हैं, जबकि कई रद्द हो गई हैं।
मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान और बिहार के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली के सफदरजंग में सुबह करीब 5.30 बजे न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बहुत खराब कैटेगरी में बना हुआ है। यह औसतन AQI 350 के पार ही दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान 3 डिग्री और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान के कुछ इलाकों, पूर्वी मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में ठंड की स्थिति बने रहने रहने की आशंका जताई है।
मौसम एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे पश्चिम हिमासय पर पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस बना हुआ है। एक और पश्चिमी विक्षोभ 10 जनवरी को पश्चिमी हिमालय तक पहुंच सकता है। जिससे उत्तर भारत में मौसम में बदलाव आ सकता है।