Weather Updates: पहाड़ों पर बारिश का सिलसिला जारी है। कई राज्य भारी बारिश की मार झेल रहे हैं। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में झमाझम बारिश जारी है। इस बीच मौसम विभाग (India Meteorological Department -IMD) ने महाराष्ट्र के कुछ जिलों में शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसमें ठाणे, पालघर और रत्नागिरी शामिल हैं। वहीं देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 6 अगस्त तक मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। 8 अगस्त तक दिल्ली के आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलावा कई राज्यों में भारी बारिश की आशंका जताई है।
वहीं अगले 3-4 दिनों के बार बारिश की रफ्तार धीमी पड़ सकती है। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए कालका-शिमला नेशनल हाइवे-5 को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है।
मुंबई में बारिश का ग्रीन अलर्ट
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, येलो लर्ट वाले क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्रों में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 4 अगस्त के पूर्वानुमान में कहा है कि कोंकण-गोवा में ज्यादातर इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर मध्य महाराष्ट्र में कई स्थानों पर गरज के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 4 अगस्त के दिन मुंबई के लिए मौसम विभाग ने ग्रीन अलर्ट (green alert) जारी किया है। इसका मतलब होता है कि बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। बता दें कि पिछले कई दिनों से मुंबई में मूसलाधार बारिश जारी थी।
अब देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की बात करें तो मौसम विभाग (IMD) ने कहा कि गुरुवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार और शनिवार को गरज के साथ मध्यम बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि ज्यादातर इलाकों में गुरुवार को बादल छाए रहेंगे।
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की आशंका
मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग जगहों पर 3 से 5 अगस्त तक मूसलाधार बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए भी अलर्ट जारी किया है। 6 अगस्त तक भारी बारिश की आशंका जताई है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में 4 अगस्त तक जोरदार बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।