Weather Updates: देश के कई राज्यों में पिछले एक हफ्ते से मूसलाधार बारिश जारी है। ओडिशा के कई इलाके भारी बारिश का सामना कर रहे हैं। मौसम विभाग (India Meteorological Department -IMD) ने ओडिशा के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों में ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताई है। इस दौरान मछुआरों को समुद्र तट के पास नहीं जाने की सलाह दी गई है। इसके पीछे मुख्य वजह बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र है। कुछ दिनों से ओडिशा के आसपास बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक एचआर बिस्वास ने कहा कि ओडिशा में अगले 2 दिनों में कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। बालागीर के जिला अधिकारी ने स्कूल बंद करने के देश दिए हैं।
मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए जारी किया ऑरेंज अलर्ट
इससे पहले मौसम विभाग ने ओडिशा के चार जिलों में रेड अल4ट जारी किया था। 13 जिलों के लिए ऑरेंज और 10 जिलों के लिए येलो लर्ट जारी किया था। अंगुल, ढेंकनाल, मयूरभंज और क्योंझर के लिए रेड अलर्ट और जाजपुर, भद्रक, देवगढ़, संबलपुर, सोनपुर, बौध, सुंदरगढ़, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, कटक, खुर्दा, पुरी और बालासोर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच मौसम विभाग ने पश्चिम मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पूर्वी उत्तर प्रदेश, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, उत्तरी छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों के दौरान पूर्वी और पूर्वी मध्य भारत में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की आशंका जताई है।
जानिए दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम का हाल
देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की बात करें तो मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, आज बादल छाए रह सकते हैं। हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सिल और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मुंबई में येलो अलर्ट जारी है
मुंबई में अगले दो दिन यानी 2-3 अगस्त को येलो अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई के अलावा पालघर, ठाणे, सिंधुदुर्ग में येलो अलर्ट जारी किया गया है। महाराष्ट्र के रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।