Weather Updates: केरल, कर्नाटक और गोवा में भारी बारिश का रेड अलर्ट, यूपी में लू का अलर्ट जारी

Weather Forecast Today: देशभर में मौसम ने जबरदस्त तरीके से करवट बदली है। दक्षिण के राज्यों में हो रही झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दी है। हालांकि, उत्तर भारत के राज्यों में गर्मी अभी भी जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अगले 4 दिनों में भारी बारिश हो सकती है

अपडेटेड Jun 22, 2024 पर 11:00 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Weather Forecast Today: बिहार के बाद मध्य प्रदेश में भी मानसून पहुंच गया है। वहीं पश्चिमी यूपी के लोगों को आज गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के कई राज्यों में मौसम का मिजाज काफी बदल गया है। दिल्ली, गाजियाबाद में कई जगहों पर गुरुवार दोपहर में बारिश हुई। जिसकी वजह से वहां के लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं बिहार में मानसून की एंट्री के बाद कई इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है। जिसके कारण तापमान लुढ़कर नीचे आ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 22 जून को केरल, कर्नाटक और गोवा में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा ओडिशा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में लू के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मैदानी इलाके की तरफ बंगाल की खाड़ी से आ रहा मानसून बिहार तक असर दिखा रहा है। मानसून के आने की आहट से लू के थपेड़ों में थोड़ा कमी आई है। लेकिन अभी भी कई इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है।

इन राज्यों में भारी बारिश की आशंका


मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अगले चार दिनों में भारी बारिश हो सकती है। इसमें 23 जून को पश्चिम बंगाल में, 24 जून को सिक्किम में और 22 जून को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इसके पहले मौसम विभाग ने कहा था कि 21 से 25 जून तक बिहार में बारिश होगी। 21 और 22 जून को ओडिशा में, 24 और 25 जून को झारखंड में और 22-25 जून के दौरान अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश हो सकती है। वहीं 21 से 25 जून तक कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। 23 जून को गुजरात और मराठवाड़ा में और 24-25 जून को राजस्थान में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

इन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग की एक प्रेस रिलीज में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश में 24 जून तक और जम्मू-कश्मीर में 23 से 25 जून तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 25 जून के बाद हीटवेव में कमी आने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में वीकेंड रहेगा कूल-कूल

देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज (22 जून 2024) भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 40-41 तक बना रहेगा। वहीं कुछ इलाकों में बारिश भी हो सकती है। बारिश की वजह से तप रही दिल्ली की धरती अब कूल- कूल लगने लगी है। 50 डिग्री के पार जाने वाला तापमान अब 40 डिग्री पर आ गया है। ऐसे में दिल्लीवालों का ये वीकेंड कूल- कूल गुजरने वाला है।

मध्य अमेरिका में मूसलाधार बारिश से तबाही, नदियों में आई बाढ़, 30 लोगों की मौत

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।