Weather Updates: महाराष्ट्र, गोवा और कर्नाटक में रेड अलर्ट जारी, देश के 9 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट, जानें दिल्ली में मौसम का हाल?

Weather Today: देश के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश हो रही है। दिल्ली-NCR समेत अन्य इलाकों में उमस भरी गर्मी से हाहाकार मचा हुआ है। इस बीच मौसम विभाग ने आज (20 जुलाई 2024) तेलंगाना, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। यहां ‘अत्यधिक भारी बारिश’ की आशंका जताई गई है

अपडेटेड Jul 20, 2024 पर 11:32 AM
Weather Today: मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, उत्तराखंड, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

देश भर में मानसून एक्टिव हैं। कुछ राज्यों में जमकर बारिश हो रही है, जबकि कहीं उमस भरी गर्मी से लोगों के हाल बेहाल हैं। कुछ राज्य ऐसे हैं, जहां मूसला धार बारिश से लोग परेशान हैं। इस बीच मौसम विभाग (India Meteorological Department -IMD) ने आज (शनिवार, 20 जुलाई) तेलंगाना, कर्नाटक, गुजरात, गोवा और महाराष्ट्र में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। इन राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, उत्तराखंड, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, केरल, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। IMD ने अनुमान जताया है कि गुजरात और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में रविवार तक भारी बारिश जारी रहेगी।

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र मंगलवार को डिप्रेशन में बदल गया है। यह सिस्टम ओडिशा की ओर ऊपर की ओर बढ़ गया है। डिप्रेशन पुरी, गोपालपुर और पारादीप के करीब था। धीरे-धीरे यह उत्तर-पश्चिमी इलाकों की ओर बढ़ रहा है।

किस राज्य में कब होगी बारिश?


मौसम विभाग ने 20 जुलाई को गोवा, तेलंगाना, कर्नाटक और महाराष्ट्र में अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान जताया है। गुजरात में 21 और 22 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश में 23 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। उत्तर पश्चिम भारत की अगर बात करें तो राजस्थान में 21 जुलाई को, हिमाचल प्रदेश में 22 जुलाई और 23 जुलाई को और उत्तराखंड में 22 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने अपनी रिपोर्ट में आगे कहा है कि 24 जुलाई तक नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं 20 और 21 जुलाई को "उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल (Sub-Himalayan West Bengal) और सिक्किम में भारी बारिश की आशंका जताई है।

उत्तर प्रदेश और दिल्ली में मौसम का हाल

मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली के कुछ इलाकों में रिमझिम बारिश का अनुमान जताया है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। IMD ने आज राजधानी का तापमान शुक्रवार के तापमान से अधिक रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, पीलीभीत, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी में बारिश हो सकती है।

Weather Updates: मानसून ने दिखाए तेवर, तेलंगाना, कर्नाटक और ओडिशा में रेड अलर्ट जारी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।