Weather Updates: दिल्ली में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी, अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की आशंका

Weather Forecast: देशभर में मानसून पूरी तरह से आ चुका है। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक झमाझम बारिश हो रही है। जिसकी वजह से कई जगहों पर जलजमाव भी हो रहा है। मौसम विभाग ने बारिश को देखते हुए देश की राजधानी दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं अरुणाचल प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया है

अपडेटेड Jun 30, 2024 पर 11:11 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Weather Forecast: मौसम विभाग के मुताबिक, देश के ज्यादातर इलाकों में तापमान एकसमान रहेगा।

देश के कई राज्यों में इन दिनों मूसलाधार बारिश जारी है। दिल्ली में मानसून आते ही भारी बारिश हुई। जिससे बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। इस बीच मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। राजधानी दिल्ली में अगले दो दिनों में गरज के साथ भारी वर्षा हो सकती है। वहीं बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। अगले हफ्ते राजधानी में मध्यम से भारी बारिश की आशंका जताई है।  दिल्ली अभी से ही भारी बारिश के चलते लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

दिल्ली में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली के अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान के कुछ हिस्से, पश्चिम बंगाल, असम, मिजोरम, त्रिपुरा, मणिपुर, गोवा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और लक्षद्वीप में भी आज बारिश की संभावना जताई गई है।

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की आशंका


मौसम विभाग के मुताबिक, देश के कई राज्यों में बारिश हो रही है। ऐसे में देश के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार अगर रोजाना 7.6 मिमी से 35.5 मिमी बारिश होती है तो इसे मध्यम बारिश कहा जाता है। वहीं अगर रोजाना 64.5 मिमी से 124.4 मिमी बारिश होती है तो इसे भारी बारिश माना जाता है। दक्षिण-पश्चिम मानसून 29 जून से उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है। जिससे उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी झमाझम बारिश हो रही है। रविवार को महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच लखीमपुर खीरी समेत कई जिलों मूसलाधार बारिश की आशंका जताई गई है। आज (30 जून) पश्चिमी और पूर्वी यूपी में अधिकांश जगहों पर गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान कहीं भारी तो कहीं मध्यम बारिश हो सकती है।

अरुणाचल प्रदेश में रेड अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की आशंका जताई है। इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बाढ़ की भी आशंका जताई गई है। कुछ दिन पहले ही ईटानगर में बादल फट गया था। जिसकी वजह से बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई थी।

VIDEO: हरिद्वार में हुई बारिश, सूखी नदी में आ गई बाढ़, खिलौनों की तरह बह गईं कई कार और बस

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।