देश के कई हिस्सों में इस समय जोरदार बारिश हो रही है। कुछ इलाके ऐसे हैं, जहां बारिश की झड़ी लगी हुई है। मैदानी इलाके के साथ-साथ पहाड़ भी भीग रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने गुजरात और उत्तराखंड में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताई है। इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया है। गुजरात में 21-24 जुलाई तक आने वाले तीन दिनों में भारी बारिश होगी, जबकि उत्तराखंड में 21-22 जुलाई को भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय जैसे पूर्वोत्तर राज्यों समेत कई राज्यों के लिए बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने 24 जुलाई तक कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात राज्य, मध्य प्रदेश में भारी बारिश की अनुमान जताया है। वहीं आज यानी 21 जुलाई और 22 जुलाई को विदर्भ, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक के तटीय इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही गरज के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। रविवार को उमस भरी तेज गर्मी रह सकती है। हालांकि कल से एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलेगा और दिल्ली में बारिश होगी। मौसम विभाग ने कल (22 जुलाई 2024) से 24 जुलाई तक तक येलो अलर्ट भी जारी किया है। आज (21 जुलाई 2204) रविवार की अल सुबह नोएडा और दिल्ली के कुछ एक इलाकों में हल्की फुल्की बारिश हुई, लेकिन ज्यादातर हिस्से सूखे ही रहे। अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 28 डिग्री तक रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक इस समय वातावरण में आद्रता 70 फीसदी से ज्यादा है। वहीं हवा पूर्व दिशा से चल रही है, इसकी वजह से लोगों को उमस और गर्मी से जूझना पड़ रहा है।
हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कांगड़ा (धर्मशाला, जयसिंहपुर), मंडी (सरकाघाट, धर्मपुर, स्लेपर, कोटली, मंडी, सुंदरनगर), हमीरपुर (सुजानपुर तिहरा, हमीरपुर), बिलासपुर (स्वारघाट, बिलासपुर), चंबा सोलन, शिमला, सिरमौर और कुल्लू में बारिश हो सकती है।
अन्य राज्यों में मौसम का हाल
इसके अलावा, 21-24 जुलाई के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। 22-24 जुलाई के दौरान पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, 22 और 23 जुलाई को पंजाब और अगले 5 दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। उत्तर पूर्व भारत में अगले चार दिनों के दौरान गरज के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने का अनुमान है।