Weather Updates: राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश (Rain) होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी। IMD ने बताया कि न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। दिल्ली (Delhi) में सुबह साढ़े आठ बजे रिलेटिव ह्यूमिडिटी 81% दर्ज की गई। एयर क्वालिटी (Air Quality) और मौसम पूर्वानुमान अनुसंधान प्रणाली (SAFAR) के आंकड़ों के मुताबिक, एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) सुबह आठ बजकर 40 मिनट पर 83 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है।
बता दें शून्य से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मीडियम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।
गोवा के लिए येलो अलर्ट जारी
इसके अलावा गोवा के कुछ हिस्सों में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बृहस्पतिवार तक तटीय राज्य के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया है और अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।
गोवा की राजधानी पणजी के निचले इलाके ऐटीन्थ जून रोड और माला रीजन समेत कई हिस्से मंगलवार रात लगातार बारिश के कारण जलमग्न हो गए। हालांकि बुधवार सुबह तक पानी का स्तर कम हो गया।
पणजी महानगरपालिका (CCP) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया था कि भारी बारिश और नालियों के बंद होने के चलते इलाकों में पानी भरा। CCP अधिकारियों ने बंद पड़ी नालियों की सफाई करने के लिए रात भर काम किया। गोवा में वीकेंड से ही लगातार बारिश हो रही है।
IMD की वेबसाइट के अनुसार, बृहस्पतिवार तक राज्य में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। IMD ने तटीय राज्य के लिए बृहस्पतिवार तक 'येलो' अलर्ट और उसके बाद के लिए 'ग्रीन' अलर्ट जारी किया है।
विभाग मौसम संबंधी चेतावनी देने के लिए चार कलर के कोड का इस्तेमाल करता है। इसमें ‘ग्रीन’ (किसी प्रकार की कार्रवाई की जरूरत नहीं है), ‘येलो’ (ध्यान रखें और अपडेट जानकारी लेते रहें), ‘ऑरेंज’ (तैयार रहें) और ‘रेड’ (कार्रवाई करें) शामिल है।
IMD ने एक जुलाई तक दक्षिण महाराष्ट्र-गोवा तट पर और उसके आसपास 40-45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान जताया है और हवा की गति 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।
IMD की ओर से मंगलवार शाम को जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार, गोवा में इस सीजन में अब तक 365.4 mm बारिश हुई है, जो सामान्य औसत 803.3 mm से काफी कम है।