बुल्ली बाई ऐप (Bulli Bai App) विवाद में एक नाम बार-बार सामने आ रहा है और वो है गिटहब (Github)। इससे पहले पिछले साल सुल्ली डील्स (Sulli Deals) विवाद में भी Github का जिक्र आया था। ऐसे में यहां यह समझना जरूरी हो जाता है कि आखिर ये Github है क्या और क्यों इसका नाम इन दोनों मामलों में बार-बार आ रहा है। आइए जानते हैं-
Bulli Bai और Sulli Deals मूल रूप से एक कंप्यूटर एप्लिकेशन या ऐप हैं। हालांकि जहां आमतौर पर अन्य ऐप को गूगल प्ले स्टोर या एपल ऐप स्टोर के जरिए लोगों तक पहुंचाया जाता है। वहीं बुल्ली बाई और सुल्ली डील्स को इसकी जगह Github नाम के एक प्लेटफॉर्म पर होस्ट किया गया था। इन ऐप पर सैंकड़ों मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरों का इस्तेमाल करके उनकी "नीलामी" की जा रही थी। ये नीलामी नकली थीं, लेकिन इनका इरादा इन महिलाओं का ऑनलाइन हैरेसमेंट करने का था। यहां यह भी बताना जरूरी है सुल्ली और बुल्ली मुस्लिम महिलाओं के लिए प्रयोग किए जाने वाला अपमानजनक शब्द है।
Github एक प्लेटफॉर्म है, जिसका इस्तेमाल कंप्यूटर सॉफ्टवेयर या कोडिंग बनाने वाले लोग करते हैं। यह एक ओपन सोर्स प्लेटफॉर्म है, जहां प्रोग्रामर्स अपने सॉफ्टवेयर्स और कोड को स्टोर और सेव कर सकते हैं और दूसरे प्रोग्रामर्स भी उस सॉफ्टवेयर को बेहतर बनाने में अपनी भूमिका निभा सकते हैं। Github दुनिया की सबसे बड़ी कोड रिपॉजिटरी प्लेटफॉर्म है।
सॉफ्टवेयर डिवेलपर्स और स्टार्टअप से लेकर दुनिया की बड़ी टेक कंपनियां भी इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल अपने कोड को बेहतर बनाने और अपने ऐप विकसित करने में करती है। माइक्रोसॉफ्ट, फेसबुक और गूगल ने भी Github पर अपने कोड डाल कर रखे हैं, जिसका इस्तेमाल बाकी डिवेलपर्स अपने कोड को बनाने में कर सकते हैं।
Github का मालिकना हक फिलहाल माइक्रोसॉफ्ट के पास है, जिसने 2018 में इसे 7.5 अरब डॉलर (करीब 55,700 करोड़ रुपये) में खरीदा था। यह माइक्रोसॉफ्ट के सबसे बड़े अधिग्रहण में से एक है। यह प्लेटफॉर्म Google के Android ऑपरेटिंग सिस्टम के लिए भी सोर्स कोड होस्ट करता है। Facebook भी GitHub पर अपने Android और iOS दोनों ऐप के लिए सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट किट मुहैया करता है।
GitHub पर करीब 58 लाख भारतीय डिवेलपर्स मौजूद हैं। इसमें से 18 लाख भारतीयों ने मार्च 2021 में खत्म हुए साल में गिटहब को जॉइन किया है। मार्च 2021 में खत्म हुए साल में करीब 10 लाख भारतीय डिवेलपर्स ने रिपॉजिटरीज विकसित किए है। साथ ही ओपन सोर्स कोड में भारतीयों के योगदान में 80 पर्सेंट का इजाफा हुआ है।
गिटहब प्लेटफॉर्म पर उत्पीड़न, भेदभाव और हिंसा के लिए उकसाने के खिलाफ नियम हैं।
इसने बुल्ली बाई और सुल्ली डील्स दोनों ऐप को होस्ट करने वाले अकाउंट को अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिया है। हालांकि यह ध्यान देने वाली बात है कि GitHub प्लेटफॉर्म किसी ऐप के बड़े पैमाने पर वितरण के लिए नहीं है। गिटहब पर मौजूद ऐप को पूरी तरह से तैयार ऐप नहीं कहा जा सकता है। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों की तरह, गिटहब पर ऐसे ऐप को छांटने का कोई अल्गोरिदम नहीं है।
हालांकि भारतीय आईटी कानूनों के तहत ऐसे ऐप बनाने को सख्त सजा हो सकती है ।Bulli Bai जैसे ऐप्स धार्मिक उन्माद फैलाने, आपराधिक कृत्य करने आदि के कानून के दायरे में आता है। यह आईटी एक्ट और क्रिमिनल लॉ एक्ट 2013 के अंतर्गत आता है। ऐसे मामलों में आईटी एक्ट की 66C, 66E, 67, 67A धाराओं के अलावा आईपीसी की तमाम धाराओं के तहत दोषी को जेल हो सकती है।