राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कम समय में बड़ी रकम लौटाने का झांसा देकर पड़ोसियों से एक करोड़ रुपये ठगने के आरोप में एक 52 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी महिला की पहचान हरियाणा के गुरुग्राम की निवासी सरला गर्ग के रूप में हुई है। महिला ने किटी पार्टियों के जरिए 25 से ज्यादा लोगों को अपना शिकार बनाने में सफल रही।
विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) रवींद्र सिंह यादव ने कहा कि गर्ग ने कथित रूप से पश्चिमी दिल्ली के द्वारका में अपने घर में किटी पार्टी आयोजित की और अपनी सोसयटी के 28 लोगों से 1.01 करोड़ रुपये ठग लिए। यादव ने कहा कि पीड़ितों की शिकायत पर गर्ग के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के खिलाफ 28 लोगों की ज्वाइंट शिकायत पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 406, 420, 120(B) और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतों के अनुसार, आरोपी अपने घर से ही किटी स्कीम चलाती थी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने कथित रूप से 15 दिन के अंदर बड़ी रकम लौटाने का वादा किया, लेकिन न तो उसने मूल रकम लौटाई और न ही कोई ब्याज दिया। कुछ महीने के बाद आरोपी और उसका परिवार सोसाइटी छोड़कर चला गया।
पुलिस ने कहा कि अली उर्फ मोहम्मद शोएब पीड़ितों से पैसे इकट्ठा किया करता था। पुलिस के अनुसार, गर्ग ने बहुत कम समय में पीड़ितों से दोस्ती करके किटी पार्टियों का आयोजन शुरू कर दिया। इसके बाद उसने 1,01,77,333 रुपये इकट्ठा की और फरार हो गई।