Reliance Foundation: रिलायंस फाउंडेशन ने वाइटल वॉइसेज (Vital Voices) के साथ मिलकर वुमन लीडर्स इंडिया फेलोशिप 2024-25 के लिए 50 विशिष्ट महिलाओं का चुनाव किया है। यह फेलोशिप सोशल सेक्टर में ऐसी महिला लीडर्स और आंत्रप्रेन्योर्स को एक साथ लाएगा, जो जलवायु, शिक्षा, आजीविका, खेल आदि अहम क्षेत्रों में काम करती हैं और जिनका मकसद भारत की अहम चुनौतियों से निपटना है। द वुमन लीडर्स इंडिया फेलोशिप प्रोग्राम 2024-25 मुंबई में 13 सितंबर को शुरू हुआ, जहां फेलो के पास नेटवर्किंग और भारत व दुनिया के सोशल सेक्टर एक्सपर्ट्स से अहम जानकारी हासिल करने का मौका था।
इस अवसर पर रिलायंस फाउंडेशन की डायरेक्टर ईशा अंबानी ने कहा, 'वुमन लीडर्स इंडिया फेलोशिप 2024-25 के लिए चुने गए 50 फेलो को बधाई। महिलाएं यहां एक-दूसरे से मजबूत नेटवर्क, खुशी और लर्निंग साझा करेंगी और यही इस फेलोशिप की बुनियाद है, जिसका मकसद सोशल सेक्टर के असर को फैलाना और मजबूत बनाना है।'
फेलो महिलाएं अगले 10 महीनों में सतत विकास के लक्ष्यों से जुड़ी अपनी-अपनी परियोजनाओं पर काम करेंगी। इन महिलाओं को भारतीय और इंटरनेशनल एक्सपर्ट्स के साथ वेबिनार ट्रेनिंग सेशन के जरिये सपोर्ट मिलेगा। इस तरह उन्हें अपने नेटवर्क का विस्तार करने और अपने स्पेशल स्किल को मजबूत करने में मदद मिलेगी। पूरे प्रोग्राम के दौरान हर फेलो को मौजूद और पूर्व फेलो से भी सीखने का मौका मिलेगा। साथ ही, निजी मदद के लिए इन फेलो को मेंटर्स की भी सुविधा मिलेगी।
वाइटल वॉइसेज ग्लोबल पार्टनरशिप के प्रेसिडेंट और सीईओ ए. नील्सन ने बताया, 'हम रिलायंस फाउंडेशन के साथ पार्टनरशिप को लेकर काफी उत्साहित हैं। 'इस पार्टनरशिप के जरिये भारत की अगली पीढ़ी की उन महिलाओं को सहायता मिलेगी, जो सामाजिक बदलाव लाने में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।'
डिस्क्लोजर: मनीकंट्रोलडॉटकॉम, नेटवर्क18 का हिस्सा है। नेटवर्क18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।