Wrestlers Protest: पहलवानों को मिला खाप पंचायत और संयुक्त किसान मोर्चा का साथ, अब बड़े स्तर पर होगा प्रदर्शन!

Wrestlers Protest: खाप सदस्यों ने दावा किया कि दिल्ली के अंदर पानी, दूध व राशन की सप्लाई रोक दी जाएगी। यहां रेलवे रोड स्थित एक निजी कार्यालय में लववंशीय खत्री खाप व जटवाड़ा 360 खाप की एक सामूहिक बैठक हुई, जिसमें धरने पर बैठे पहलवानों को सर्वसम्मति से अपना समर्थन दिया गया। लववंशीय खत्री खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र खत्री ने बताया कि सभी खापों का धरने पर बैठे पहलवानों को पूरा समर्थन है

अपडेटेड May 06, 2023 पर 10:54 PM
Wrestlers Protest: पहलवानों को मिला खाप पंचायत और संयुक्त किसान मोर्चा का साथ

Wrestlers Protest: हरियाणा के सोनीपत में लववंशीय खत्री खाप व जटवाड़ा 360 खाप ने शनिवार को दिल्ली में धरने पर बैठे पहलवानों के प्रति अपना समर्थन जताया। संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने भी घोषणा की कि वो पहलवानों के समर्थन में देशभर में प्रदर्शन करेगा। इस बीच दोनों खाप (Khaap Panchayat) ने चेताया कि अगर सरकार आरोपी BJP सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) के खिलाफ कार्रवाई नहीं करेगी, तो जिस तरह किसान आंदोलन (Farmers Protest) के समय दिल्ली को जाम कर दिया था, उसी तरह खापें पहलवानों के समर्थन में फिर से दिल्ली जाम करने से पीछे नहीं हटेंगी।

खाप सदस्यों ने दावा किया कि दिल्ली के अंदर पानी, दूध व राशन की सप्लाई रोक दी जाएगी। यहां रेलवे रोड स्थित एक निजी कार्यालय में लववंशीय खत्री खाप व जटवाड़ा 360 खाप की एक सामूहिक बैठक हुई, जिसमें धरने पर बैठे पहलवानों को सर्वसम्मति से अपना समर्थन दिया गया।

लववंशीय खत्री खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र खत्री ने बताया कि सभी खापों का धरने पर बैठे पहलवानों को पूरा समर्थन है।


उन्होंने दावा किया कि जिस समय पहलवान बेटियां देश के लिए मेडल लेकर आई थीं, उस समय पूरे देश में उन्हें सम्मान की नजर से देखा जा रहा था और अब वह जब अपने साथ हो रहे शोषण के खिलाफ आवाज उठा रही हैं, तो उन्हें विशेष वर्ग का बता कर अपमानित करने की कोशिश की जा रही है।

वहीं, जटवाड़ा 360 खाप के प्रधान राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि 56 इंच का सीना होने का दावा करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।

संयुक्त किसान मोर्चा करेगा देशभर में प्रदर्शन

संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने शनिवार को घोषणा की कि वह भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के समर्थन में देशभर में प्रदर्शन करेगा।

संगठन ने सिंह को तत्काल गिरफ्तार करने की भी मांग की।

उसने एक बयान में कहा कि सात मई को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश से SKM के कई वरिष्ठ नेता सैकड़ों किसानों के साथ जंतर मंतर पर एक बार फिर प्रदर्शन स्थल का दौरा करेंगे और प्रदर्शनरत पहलवानों को अपना समर्थन देंगे।

इसमें कहा गया है कि 11 से 18 मई तक सभी राज्यों की राजधानी, जिला मुख्यालयों और तालुकों में प्रदर्शन किया जाएगा। जनसभाएं और प्रदर्शन मार्च होंगे और सिंह तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार के पुतले फूंके जाएंगे।

मणिपुर हिंसा: अब तक 54 लोगों की गई जान, तनावपूर्ण शांति के बीच इंफाल में दुकानें, बाजार खुले

SKM ने केंद्र सरकार द्वारा अब निरस्त कर दिए गए कृषि कानूनों के खिलाफ साल भर प्रदर्शन का नेतृत्व किया था।

SKM ने शुक्रवार को कहा था कि बड़ी संख्या में किसान डब्ल्यूएफआई के अध्यक्ष के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के समर्थन में आठ मई को जंतर-मंतर पर एकत्रित होंगे।

बजरंग पूनिया (Bajrang Punia), विनेश फोगाट (Vinesh Phogat), साक्षी मलिक (Sakshi Malik) समेत शीर्ष पहलवान 23 अप्रैल से दिल्ली के जंतर-मंतर पर भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं और एक नाबालिग सहित सात पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।