कंस्ट्रक्शन-टेक प्लेटफॉर्म इंफ्रा.मार्केट की पेरेंट कंपनी हेला इंफ्रा मार्केट और पर्पल स्टाइल लैब्स सहित कुल 13 कंपनियों को IPO के लिए SEBI की मंजूरी मिल गई है। इन कंपनियों में जय जगदंबा लिमिटेड, UKB इलेक्ट्रॉनिक्स, CMR ग्रीन टेक्नोलोजिज, ट्रांसलाइन टेक्नोलोजिज, मेडिकैप हेल्थकेयर, ओसवाल केबल्स, BVG इंडिया, साई पैरेंटरल्स, कॉमटेल नेटवर्क्स, प्राइड होटल्स और सिफी इंफिनिट स्पेसेज भी शामिल हैं। अपडेट में बताया गया कि जून और अक्टूबर के बीच SEBI के पास अपने IPO पेपर दाखिल करने वाली सभी 13 कंपनियों को 19 से 23 जनवरी 2026 के दौरान SEBI की मंजूरी मिली।
टाइगर ग्लोबल के निवेश वाली इंफ्रा.मार्केट ने पिछले साल अक्टूबर में सेबी के पास कॉन्फिडेंशियल प्री-फाइलिंग रूट का इस्तेमाल करते हुए IPO पेपर जमा किए थे। साइज 4,500 करोड़ रुपये से 5,500 करोड़ रुपये के बीच रहने की बात कही गई थी। इस IPO में नए शेयरों के साथ-साथ मौजूदा शेयरधारकों की ओर से ऑफर फॉर सेल (OFS) भी रहेगा।
सिफी इंफिनिट स्पेसेज और पर्पल स्टाइल लैब्स
सिफी इंफिनिट स्पेसेज लिमिटेड, सिफी टेक्नोलोजिज की सब्सिडियरी है। इसके IPO में 2,500 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर रहेंगे। साथ ही 1,200 करोड़ रुपये का OFS होगा। लग्जरी फैशन प्लेटफॉर्म पर्नियाज पॉप-अप शॉप की पेरेंट फर्म पर्पल स्टाइल लैब्स 660 करोड़ रुपये जुटाएगी। इस IPO में केवल नए इक्विटी शेयर जारी होंगे। वीडियो सर्विलांस और बायोमेट्रिक सॉल्यूशंस प्रोवाइडर ट्रांसलाइन टेक्नोलोजिज के पब्लिक इश्यू में प्रमोटर्स और एक शेयरधारक की ओर से 1.62 करोड़ शेयरों का केवल OFS होगा।
इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग सर्विस प्रोवाइडर UKB इलेक्ट्रॉनिक्स के IPO में 400 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी होंगे। साथ ही 400 करोड़ रुपये का OFS होगा। नॉन-फेरस मेटल रिसाइकलर CMR ग्रीन टेक्नोलोजिज लिमिटेड के IPO में 4.28 करोड़ शेयरों का केवल OFS होगा।
ओसवाल केबल्स, BVG इंडिया और कॉमटेल नेटवर्क्स का IPO
ओसवाल केबल्स के पब्लिक इश्यू में 300 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे, साथ ही 2.22 करोड़ इक्विटी शेयरों तक का OFS रहेगा। फैसिलिटी मैनेजमेंट सर्विस प्रोवाइडर BVG इंडिया के IPO में 300 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी होंगे। साथ ही मौजूदा शेयरधारकों की ओर से 2.85 करोड़ इक्विटी शेयरों तक का OFS रहेगा। कॉमटेल नेटवर्क्स ने 900 करोड़ रुपये का IPO लाने की योजना बनाई है। इसमें 150 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे, साथ ही 750 करोड़ रुपये का OFS रहेगा।
प्राइड होटल्स का पब्लिक इश्यू 1,000 करोड़ रुपये का रहने वाला है। इसमें 260 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे, साथ ही 3.92 करोड़ शेयरों का OFS रहेगा। साई पैरेंटरल्स के IPO में 285 करोड़ रुपये के नए शेयर और 35 लाख शेयरों का OFS होगा। मेडिकैप हेल्थकेयर का पब्लिक इश्यू 240 करोड़ रुपये का रहने वाला है। इसमें केवल नए शेयर जारी होंगे।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।