Aadhar Housing Finance को आखिरकार 15 महीने बाद मिली IPO लाने की मंजूरी, ₹7,300 करोड़ जुटाने की तैयारी

आधार हाउसिंग फाइनेंस ने 24 जनवरी 2021 को SEBI के पास IPO लाने के लिए ड्राफ्ट जमा किए थे, तब से उसका आवेदन अटका हुआ था

अपडेटेड May 09, 2022 पर 10:14 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
आधार हाउसिंग फाइनेंस की 98.72 फीसदी हिस्सेदारी ब्लैकस्टोन के पास है

आधार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड (Aadhar Housing Finance Ltd) को अपना ड्राफ्ट पेपर जमा करने के करीब 15 महीने बाद अब जाकर मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) से इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने की मंजूरी मिली है।

अमेरिकी इनवेस्टमेंट फर्म ब्लैकस्टोन के निवेश वाली Aadhar Housing Finance ने 24 जनवरी 2021 को SEBI के पास IPO लाने के लिए ड्राफ्ट जमा किए थे। हालांकि कुछ अज्ञात कारणों के चलते कंपनी का आवेदन तभी से SEBI के पास अटका हुआ था। बीच में SEBI ने एक बयान में कहा कि वह इस मामले में एक दूसरी रेगुलेटरी अथॉरिटी से जवाब मिलने का इंतजार कर रही है। हालांकि SEBI ने उस दूसरी रेगलुटेरी अथॉरिटी का नाम नहीं बताया और न ही यह खुलासा किया कि उसे किस मुद्दे पर जवाब का इंतजार है।

आधार हाउसिंग फाइनेंस की 98.72 फीसदी हिस्सेदारी ब्लैकस्टोन के निवेश वाली BCP Topco के पास है और वह इस आईपीओ से करीब 5,800 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। ब्लैकस्टोन ने जून 2019 में दीवान हाउसिंग फाइनेंस कॉरपोरेशन कंपनी लिमिटेड और वाधवान ग्रुप से 2,200 करोड़ रुपये में इस कंपनी को खरीदा था। अधिग्रहण के बाद ब्लैकस्टोन ने इस कंपनी में 1,300 करोड़ रुपये और निवेश किया है।


यह भी पढ़ें- LIC का शेयर 17 मई को 12% प्रीमियम पर लिस्ट हुआ तो आप कमाएंगे कितना प्रॉफिट?

7,300 करोड़ का IPO लाएगी कंपनी

जानकारी के मुताबिक, आधार हाउसिंग फाइनेंस इस आईपीओ के जरिए 1,500 करोड़ रुपये के फ्रेश इश्यू जारी करेगी। जबकि ब्लैकस्टोन करीब 5,800 करोड़ रुपये के शेयरों का ऑफर-फॉर-सेल (OFS) लाएगी। इस तरह कंपनी कुल 7,300 करोड़ का आईपीओ लाएगी। आधार हाउसिंग फाइनेंस ने बताया कि वह आईपीओ से मिले पैसे का इस्तेमाल अपने टियर-1 कैपिटल बेस को मजबूत करने और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में करेगी। 30 सितंबर 2022 तक के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी का CRAR टियर-1 कैपिटल 45.87 फीसदी था।

कंपनी के बारे में

आधार हाउसिंग फाइनेंस कंपनी को पहले DHFL Vysya Housing Finance के नाम से जाना जाता था, जिसकी स्थापना 1990 में हुई थी। इसे Vysya Bank और DHFL ने मिलकर शुरू किया था। आधार हाउसिंग फाइनेंस रिटेल फोकस्ड अफोर्डेबल हाउसिंग फाइनेंस कंपनी है जो आर्थिक रूप से कम समृद्ध और मिडिल क्लास को घर के लिए मोर्गेज लोन ( mortgage loans) उपलब्ध कराती है। कंपनी ने 30 सितंबर, 2020 तक अपने कुल एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) का 64.83% हिस्सा लोन के रूप में नौकरीपेशा लोगों को दिया था। वहीं, 35.17% लोन सेल्फ-इंप्लॉयड कस्टमर्स को दिया था।

31, मार्च 2020 तक कंपनी के पास कुल 11,432 करोड़ रुपये से एसेट्स थे। वहीं, 2020 में कंपनी को नेट प्रॉफिट 189 करोड़ रुपये रहा था। वहीं, 2019 में इसका नेट प्रॉफिट 162 करोड़ रुपये रहा था। 30 सितंबर, 2020 तक आधार हाउसिंग फाइनेंस कपनी के देशभर में 292 ब्रांच हैं जो 20 राज्यों में फैले हैं और ये 12,000 लोकेशंस पर ऑपरेट करते हैं।

चार और कंपनियों के IPO को मंजूरी

इस बीच SEBI ने चार और कंपनियों को अपना आईपीओ लाने की मंजूरी दी है। इसमें लैंडमार्क कार्स लिमिटेड, TVS सप्लाई चेन सॉल्यूशंस लिमिटेड, बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल लिमिटेड और किड्स क्लिनिक इंडिया लिमिटेड का नाम शामिल है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।