Abans Holdings IPO Subscription Status: अबांस होल्डिंग्स लिमिटेड के इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) को लेकर निवेशकों का उत्साह बुधवार 14 नवंबर को बोली खुलने के तीसरे दिन भी ठंडा रहा। कंपनी का IPO तीसरे दिन बोली बंद होने तक सिर्फ 46 सब्सक्राइब हुआ था। Abans Holdings ने अपने IPO के तहत कुल 1.28 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखा है, जिसके बदले में अभी तक उसे 58.75 लाख शेयरों के लिए बोली मिली है। रिटेल निवेशकों ने अपने लिए आरक्षित शेयरों का 32 फीसदी सब्सक्राइब किया है। वहीं नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) के कैटेगरी में कंपनी को अभी तक 17% बोली मिली है। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशन इनवेस्टर्स (QIB) ने जरूर इस IPO को लेकर उत्साह दिखाया है और उन्होंने अपने लिए आरक्षित शेयरों को करीब 2.19 गुना अधिक सब्सक्राइब किया है।
Abans Holdings ने IPO के तहत बिक्री के लिए कुल शेयरों का 60% हिस्सा रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित रखा है। वहीं क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए 10% हिस्सा आरक्षित रखा गया है। जबकि बाकी 30% हिस्सा नॉन-इंस्टीट्यूशन इनवेस्टर्स (NII) के लिए आरक्षित रखा गया है।
256 से 270 रुपये का प्राइस बैंड
Abans Holdings ने अपने शेयरों के लिए 256 से 270 रुपये का प्राइस बैंड रखा है। रिटेल निवेशक लॉट के हिसाब से कंपनी के IPO के लिए बोली लगा सकते हैं। एक लॉट में कंपनी के 55 शेयर होंगे। इस तरह रिटेल निवेशक को एक लॉट की बोली लगाने के लिए न्यूनतम 14,850 रुपये (275 रुपये x 75 शेयर) निवेश करने होंगे। अधिकतम 13 लॉट के लिए बोली लगाई जा सकती है।
Abans Holdings IPO का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP)
अबांस होल्डिंग्स के ग्रे मार्केट प्रीमियम में भी बुधवार 14 दिसंबर को गिरावट आई है। बाजार जानकरों के मुताबिक, इसके शेयर आज 5 रुपये के GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) पर कारोबार कर रहे थे, जो एक दिन पहले 10 रुपये था। हालांकि जानकारों का यह भी कहना है कि ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी के फंडामेंटल्स और वित्तीय प्रदर्शन के आधार पर फैसला लेना चाहिए।
Abans Holdings के बारे में डिटेल्स
अबांस होल्डिंग एनबीएफसी सर्विसेज, प्राइवेट क्लाइंट स्टॉक ब्रोकिंग, डिपॉजिटरी के साथ-साथ इक्विटीज, कमोडिटीज और फॉरेन एक्सचेंज में वैश्विक स्तर पर इंस्टीट्यूशनल ट्रेडिंग जैसी सर्विसेज मुहैया कराती है। इसके अलावा यह कॉरपोरेट्स, इंस्टीट्यूशनल और हाई नेट वर्थ क्लाइंट्स को एसेट मैनेजमेंट, इंवेस्टमेंट एडवायजरी और वेल्थ मैनेजमेंट सर्विसेज उपलब्ध कराती है। इसका कारोबार भारत, हॉन्ग कांग, यूके, यूएई, चीन और मॉरीशस में फैला हुआ है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि IPO में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।