Adani Wilmar IPO: फॉर्च्यून ब्रांड ने एडिबल ऑयल बनाने वाली FMCG कंपनी Adani Wilmar का इश्यू इसी महीने की 27 तारीख को आ सकता है। इस मामले की जानकारी रखने वाले कई सूत्रों ने मनीकंट्रोल को बताया है कि कंपनी का IPO 27 जनवरी को खुल सकता है। Adani Wilmar गौतम अडानी के अडानी ग्रुप और सिंगापुर के Wilmar ग्रुप का ज्वाइंट वेंचर है।
रुचि सोया, HUL, ब्रिटानिया, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, डाबर इंडिया और नेस्ले इंडिया इस सेक्टर की कुछ लिस्टेड कंपनियां हैं जिनकी टक्कर Adani Wilmar से है। कंपनी ऐसे समय में IPO लेकर आ रही है जब कंज्यूमर्स के बीच ब्रांडेड और पैकेज्ड फूड का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। कोरोनावायरस संक्रमण के कारण भी ऐसे प्रोडक्ट की डिमांड बढ़ी है।
Adani Wilmar के इश्यू की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने बताया, "कंपनी का इश्यू 27 जनवरी को खुलेगा और 31 जनवरी को बंद होगा।" 29 जनवरी को शनिवार और 30 जनवरी को रविवार है। 1 फरवरी को इस साल बजट पेश होने वाला है।
इस मामले की जानकारी रखने वाले दो अन्य सूत्रों ने भी बताया कि एंकर इनवेस्टर्स के लिए कंपनी का इश्यू 25 जनवरी को खुलेगा। इन सभी सूत्रों ने नाम जाहिर ना होने की शर्त पर ये जानकारियां दी हैं। हालांकि इस मामले में मनीकंट्रोल को Adani Wilmar से कोई बयान नहीं मिल पाया है।
कितने का इश्यू लाने की तैयारी
Adani Wilmar शुरुआत में इश्यू के जरिए 4500 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में थी। बाद में कंपनी ने इसे घटाकर 3600 करोड़ रुपए कर दिया। यह IPO पूरी तरह फ्रेश इश्यू है। इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) नहीं है। कंपनी सिर्फ जनरल कॉरपोरेट के कामकाज के लिए शेयर बेचेगी।
कंपनी का मकसद 2027 तक सबसे बड़ी फूड कंपनी है। अडानी ग्रुप की यह सातवीं कंपनी है जो लिस्ट होने वाली है।