Addictive Learning Technology IPO: SME सेगमेंट की एडिक्टिव लर्निंग टेक्नोलॉजी अपना IPO 19 जनवरी को ओपन कर रही है। कंपनी को लॉसीखो (LawSikho) के नाम से भी जाना जाता है। यह एक एजुकेशनल टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म है, जो अपस्किलिंग और करियर सर्विसेज उपलब्ध कराता है। Addictive Learning Technology मुख्य रूप से सीनियर और मिड करियर प्रोफेशनल्स के लिए है। हालांकि इसके कुछ कोर्स यंग प्रोफेशनल्स के लिए भी हैं। कंपनी के 60.16 करोड़ रुपये के पब्लिक इश्यू के लिए प्राइस बैंड 130-140 रुपये प्रति शेयर है।
निवेशक 1000 शेयरों के लॉट साइज में बोली लगा सकते हैं। इश्यू के तहत 57.92 करोड़ रुपये के 41.37 लाख नए शेयर रहेंगे और 2.24 करोड़ रुपये का 1.6 लाख शेयरों वाला ऑफर फॉर सेल रहेगा। IPO 23 जनवरी को क्लोज होगा। इसके लिए बुक रनिंग लीड मैनेजर Narnolia Financial Services Ltd और रजिस्ट्रार Maashitla Securities Private Limited है।
IPO का 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। Addictive Learning Technology के प्रमोटर रामानुज मुखर्जी और अभ्युदय सुनील अग्रवाल हैं। प्रमोटर्स की कंपनी में वर्तमान में हिस्सेदारी 92.27% है। Addictive Learning Technology के शेयर NSE SME पर 29 जनवरी को लिस्ट होंगे।
3 ब्रांड्स के तहत कोर्स की पेशकश
LawSikho, व्यक्तियों को उनके स्किल्स को आगे बढ़ाने में मदद करने के लिए कोर्स और ट्रेनिंग प्रोग्राम उपलब्ध कराती है। कंपनी 3 अलग-अलग ब्रांड्स- लॉसीखो, स्किल आर्बिट्रेज और डेटाइजगुड के तहत कानून, फाइनेंस, कंप्लायंस, ह्यूमन रिसोर्सेज, बिजनेस कंसल्टिंग, आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस, कंटेंट राइटिंग और डेटा साइंस को कवर करती है। कंपनी इंटरनेशनल बार एग्जाम कोर्सेज की भी पेशकश करती है। ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर अपर प्राइस बैंड पर 125 रुपये या 89.29% प्रीमियम के साथ ट्रेड कर रहे हैं।