Aeron Composite IPO: एरोन कंपोजिट लिमिटेड के आईपीओ को आज 28 अगस्त को निवेशकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फाइबर ग्लास रिइंफोर्सड पॉलीमर प्रोडक्ट्स बनाने वाली कंपनी का आईपीओ पहले दिन ही पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया है। इस इश्यू को अब तक 1.22 गुना सब्सक्रिप्शन मिल चुका है। इसे कुल 34.56 लाख शेयरों के लिए बोलियां मिली है जबकि ऑफर पर28.36 लाख शेयर हैं। कंपनी ने एंकर निवेशकों से 15.17 करोड़ रुपये पहले ही जुटा लिए हैं। इस आईपीओ का साइज 56.10 करोड़ रुपये है और इसके लिए 121-125 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है।
Aeron Composite IPO: सब्सक्रिप्शन से जुड़ी डिटेल
इस आईपीओ में रिटेल निवेशक दिलचस्पी दिखा रहे हैं और उनके लिए रिजर्व हिस्सा 1.46 गुना सब्सक्राइब हो गया है। इसके अलावा, क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के हिस्से को 1.48 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। नॉन-इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 0.60 गुना भर गया है। (28 अगस्त 2024 2:26:01 PM तक) निवेशकों के पास इस आईपीओ में 30 अगस्त तक निवेश का मौका रहेगा। कंपनी के शेयर NSE इमर्ज प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होंगे।
Aeron Composite ने एंकर निवेशकों से 15.17 करोड़ रुपये जुटाए
एरोन कंपोजिट ने आईपीओ खुलने से पहले 15.17 करोड़ रुपये पहले ही जुटा लिए। कंपनी ने एंकर निवेशकों को 125 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से 12,14,000 इक्विटी शेयर आवंटित किए हैं।
Aeron Composite IPO से जुड़ी डिटेल
इस आईपीओ के तहत केवल 44.88 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारिए किए गए हैं। वहीं, इसमें ऑफर फॉर सेल के जरिए कोई बिक्री नहीं होगी, जिसका मतलब है कि आईपीओ से होने वाली पूरी आय कंपनी को जाएगी। खुदरा निवेशकों के लिए मिनिमम लॉट साइज 1,000 शेयर है। रिटेल निवेशकों को इसमें अपर प्राइस बैंड पर कम से कम 1,25,000 रुपये का निवेश करना होगा।
इश्यू के जरिए जुटाई गई रकम में से 39 करोड़ रुपये का इस्तेमाल गुजरात के मेहसाणा में अतिरिक्त मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की स्थापना के लिए किया जाएगा। इसके अलावा, सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्य के लिए कैपिटल एक्सपेंडिचर की जरूरतों को पूरा करने के लिए खर्च किया जाएगा।
Aeron Composite के बारे में
एरोन कम्पोजिट लिमिटेड साल 2011 में इनकॉर्पोरेट हुई है। यह कंपनी फाइबर ग्लास रीइनफोर्स पॉलीमर प्रोडक्ट्स यानी FRP प्रोडक्ट्स बनाती और सप्लाई करती है। इनमें कई इंडस्ट्रियल एप्लिकेशन के लिए FRP पुलट्रूडेड प्रोडक्ट्स, FRP मोल्डेड ग्रेटिंग और FRP रॉड शामिल हैं। वित्त वर्ष 23-24 (फरवरी 2024 तक) कंपनी ने 179.1 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और 9.42 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया है। हेम सिक्योरिटीज लिमिटेड इस इश्यू का बुक रनिंग लीड मैनेजर है।