MK Jewels IPO Listing: गोल्ड, डायमंड और सीजेड ज्वेलरी बेचने वाली एमके ज्वेल्स के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में प्रीमियम एंट्री हुई। इसके आईपीओ को ओवरऑल 5 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹162 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE पर इसकी ₹171.60 और NSE पर ₹171.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 5% से अधिक का लिस्टिंग गेन (MK Jewels Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर BSE पर यह ₹173.70 (MK Jewels Share Price) पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 7.22% मुनाफे में हैं।
MK Jewels IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
एमके ज्वेल्स का ₹275.40 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 28-30 अक्टूबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 1.84 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 1.84 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 14.12 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 3.08 गुना भरा था।
इस आईपीओ के तहत ₹220.32 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा ₹10 की फेस वैल्यू वाले ₹55.08 करोड़ के 34 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹152.84 करोड़ महाराष्ट्र में एक नया शोरूम लगाने और गुजरात में मौजूदा शोरूम के विस्तार, ₹30.00 करोड़ कर्ज हल्का करने, ₹11.55 करोड़ आम कॉरपोरेट उद्देश्यों और ₹32.43 करोड़ आईपीओ से जुड़े एक्सपेंसेज पर खर्च होंगे।
MK Sons Fine Jewels के बारे में
एमके सन्स फाइन ज्वेल्स मुंबई और अहमदाबाद में अपने शोरूम नेटवर्क के जरिए गोल्ड, डायमंड और सीजेड ज्वेलरी बेचती है। कंपनी पवित्र, रिवाज, सितारे, नक्श, सुनहरे और वन एंड ओनली जैसे कई कलेक्शन के तहत अंगूठियां, हार, चूड़ियां, झुमके, ब्रेसलेट, मंगलसूत्र, सॉलिटेयर, ब्राइडल ज्वेलरी और कस्टमाइज्ड ज्वेलरी पेश करती है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2024-26 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना करीब 152% की रफ्तार यानी CAGR से बढ़कर ₹51.80 करोड़ और टोटल इनकम 57% से अधिक के सीएजीआर से ₹538.86 करोड़ पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2027 की बात करें तो पहली तिमाही अप्रैल-जून 2026 में कंपनी को ₹15.02 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹101.45 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हुआ था। जून 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹70.52 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹140.35 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।