Aether Industries IPO: स्पेशियालिटी केमिकल कंपनी एथर इंडस्ट्रीज के इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) को आखिरी दिन तक 6.26 गुना अधिक बोली मिली। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आंकड़ों के मुताबिक, IPO के तहत कंपनी ने 93,56,193 शेयरों को बिक्री के लिए रखा था, जिसके बदले में उसे 5,85,34,586 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
एथर इंडस्ट्रीज को अपने IPO के लिए सबसे अधिक बोली क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QIB) के कोटे में मिली। QIB ने अपने हिस्से के लिए आरक्षित शेयरों का 17.57 गुना अधिक सब्सक्राइब किया। वहीं नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) की कैटेगरी में कंपनी को 2.52 गुना अधिक बोली मिली। जबकि रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से को 1.14 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।
एथर इंडस्ट्रीज का आईपीओ 24 मई को खुला था और आज इसके लिए 26 मई तक बोली लगाने की आखिरी तारीख थी। कंपनी इस इश्यू से 800 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। इसमें से 627 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए हैं। जबकि कंपनी के प्रमोटरों और अन्य शेयरधारकों की तरफ से 28,20,000 इक्विटी शेयरों का ऑफर-फॉरलसेल (OFS) पेश किया गया था। एथर इंडस्ट्रीज ने आईपीओ खुलने से पहले सोमवार को एंकर निवेशकों से 240 करोड़ रुपये जुटाए थे।
Aether Industries IPO GMP Today
बाजार जानकारों के मुताबिक, एथर इंडस्ट्रीज के शेयरों का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) बुधवार को 10 रुपये था। यानी अनलिस्टेड मार्केट में एथर इंडस्ट्रीज के शेयर अपने ऊपरी प्राइस बैंड से 10 रुपये अधिक के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे थे।
अलॉटमेंट और लिस्टिंग की तारीख
एथर इंडस्ट्रीज के शेयरों का अलॉटमेंट 31 मई को होने की उम्मीद है। जिन निवेशकों को शेयर नहीं मिलेंगे, उनके पैसे 1 जून तक रिफंड हो जाएंगे। वहीं जिन निवेशकों को शेयर मिलेंगे, उनके डीमैट खाते में 2 जून तक शेयर क्रेडिट होंगे। एथर इंडस्ट्रीज के शेयरों की लिस्टिंग 3 जून 2022 को हो सकती है।
वर्ष 2013 में स्थापित कंपनी एडवांस इंटरमीडिएट और स्पेशियलिटी केमिकल का उत्पादन करती है। गुजरात में Aether की दो इकाइयां हैं। कंपनी की एक इकाई करीब 3,500 वर्ग मीटर में फैली है जिसमें उसकी रिसर्च एंड डेलवपमेंट यूनिट के साथ ही एनालिटिकल साइंस लैबोरेटरी, पायलट प्लांट, CRAMS फैसिलिटी और हाइड्रोजेनेशन इकाई स्थित है। कंपनी की दूसरी इकाई 10,500 वर्ग मीटर में फैली हुई है जो मुख्यत: उत्पादन इकाई है। इसकी उत्पादन क्षमता 6,096 MT प्रति वर्ष है।
एथर की इस इश्यू से मिली 627 करोड़ रुपये की धनराशि से ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट्स बनाने, कर्ज चुकाने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल करेगी। एथर ने दिसंबर, 2021 में समाप्त नौ महीनों के दौरान नेट प्रॉफिट में 18.45 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की।