Aether Industries IPO : स्पेशियल्टी केमिकल बनाने वाली कंपनी एथर इंडस्ट्रीज का IPO प्राइमरी मार्केट में मंगलवार, 24 मई को खुलने जा रहा है और 26 मई को बंद हो जाएगा। 610-642 रुपये प्रति शेयर के प्राइस बैंड के साथ कंपनी की आईपीओ के जरिए 800 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है। 50 फीसदी इश्यू क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए रिजर्व है, वहीं खुदरा इनवेस्टर्स और नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए क्रमशः 35 फीसदी और 15 फीसदी इश्यू रखा गया है।
वर्ष 2013 में स्थापित कंपनी एडवांस इंटरमीडिएट और स्पेशियलिटी केमिकल का उत्पादन करती है। गुजरात में Aether की दो इकाइयां हैं। कंपनी की एक इकाई करीब 3,500 वर्ग मीटर में फैली है जिसमें उसकी रिसर्च एंड डेलवपमेंट यूनिट के साथ ही एनालिटिकल साइंस लैबोरेटरी, पायलट प्लांट, CRAMS फैसिलिटी और हाइड्रोजेनेशन इकाई स्थित है। कंपनी की दूसरी इकाई 10,500 वर्ग मीटर में फैली हुई है जो मुख्यत: उत्पादन इकाई है। इसकी उत्पादन क्षमता 6,096 MT प्रति वर्ष है।
एथर की इस इश्यू से मिली 627 करोड़ रुपये की धनराशि से ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट्स बनाने, कर्ज चुकाने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल करेगी।
एथर ने दिसंबर, 2021 में समाप्त नौ महीनों के दौरान नेट प्रॉफिट में 18.45 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की।
Grey market premium : गैर आधिकारिक मार्केट एथर इंडस्ट्रीज के शेयर अपने अपर प्राइस बैंड पर 10 रुपये प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। सूचीबद्ध होने पर एथर सेक्टर की क्लीन साइंस एंड टेक्नोलॉजी, नवीन फ्लोरीन इंटरनेशनल, Vinati Organics, PI Industries और Fine Organic Industries जैसी प्रतिस्पर्धी कंपनोयं की लिस्ट में शामिल हो जाएगी।
रेलिगेयर ने दी न्यूट्रल रेटिंग
बिज़नेस स्टैंडर्ड की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रेलिगेयर ब्रोकिंग ने इस इश्यू के लिए न्यूट्रल रेटिंग दी है। ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि कंपनी अपने अलग फोर्टफोलियो के साथ इंडस्ट्री में उभरते ट्रेंड्स से लाभ उठाने के लिए अच्छी स्थिति में है।
एनालिस्ट्स का मानना है कि भारत का स्पेशियल्टी केमिकल मार्केट कैलेंडर वर्ष 20-25 के दौरान 11.2 फीसदी सीएजीआर दर से बढ़ने का अनुमान है। इसे देखते हुए, कंपनी को अपना प्रोडक्ट पोर्टफोलियो बढ़ने से फायदा होने का अनुमान है।
हालांकि ब्रोकरेज का मानना है कि मजबूत वित्तीय प्रदर्शन के बावजूद, कच्चे माल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और भारी कर्ज जैसे फैक्टर्स कंपनी के प्रदर्शन पर असर डालते रहेंगे। इसीलिए ब्रोकरेज ने आईपीओ के लिए न्यूट्रल रेटिंग दी है।
एंजिल वन ने दी सब्सक्राइब की सलाह
एंजिल वन (Angel One) के एनालिस्ट्स का मानना है कि वित्त वर्ष 19-21 के दौरान उसके ऐतिहासिक राजस्व और मुनाफे में 50 फीसदी और 75 फीसदी सीएजीआर को देखते हुए एथर की वैल्यूएशंस उचित लगती है। सब्सक्रिप्शन के लिए इश्यू बेहतर लगता है। इसलिए ब्रोकरेज ने इश्यू को ‘सब्सक्राइब’ रेटिंग दी है।