AGS Transact Technologies IPO: पेमेंट सॉल्यूशन मुहैया कराने वाली कंपनी AGS ट्रांजैक्ट टेक्नोलॉजीज के इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) को निवेशकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिलता दिख रहा है। आईपीओ के लिए बोली लगाने का आज दूसरा दिन है और अभी तक यह 1.23 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। कंपनी ने आईपीओ के तहत करीब 2.86 करोड़ शेयरों की पेशकश की है, जिसके बदले में उसे अब तक 3.53 करोड़ शेयरों के लिए बोली मिल चुकी है। AGS ट्रांजैक्ट टेक्नोलॉजीज की इस आईपीओ से करीब 680 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है।
गुरुवार 20 जनवरी को दोपहर 1.17 बजे तक, रिटेल निवेशकों का हिस्सा 1.74 गुना सब्सक्राइब हो चुका था, जबकि नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) के हिस्से में 1.07 गुना बोली मिली थी। वहीं क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QIB) का हिस्सा अभी तक 0.47 पर्सेंट भरा है।
AGS Transact Technologies IPO के आईपीओ के लिए बोली लगाने का आज दूसरा दिन है। यह आईपीओ बुधवार 19 जनवरी को खुला था और इसके लिए शुक्रवार 21 जनवरी तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ के लिए कंपनी ने 166 से 175 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। बता दें कि यह साल 2022 का पहला आईपीओ है।
AGS ट्रांजैक्ट ने आईपीओ खुलने से पहले बीते मंगलवार को एंकर निवेशकों से 204 करोड़ रुपये जुटाए थे। कंपनी का यह आईपीओ पूरी तरह ऑफर-फॉर-सेल (OFS) के रूप में है। इसके तहत कंपनी के प्रमोटर और अन्य शेयरहोल्डरों ने 680 करोड़ रुपये के शेयरों को बेचने की पेशकश की है। इसका मतलब है कि इस आईपीओ से मिलने वाली रकम कंपनी के खाते में नहीं जाएगी, बल्कि यह प्रमोटर और शेयरहोल्डरों के पास जाएगी।
Emkay Research ने इस आईपीओ को 'सब्सक्राइब' करने की सलाह दी है। ब्रोकरेज ने कहा, "175 रुपये के अपर प्राइस बैंड पर, "हमारा मानना है कि AGS लॉन्ग पीरियड के नजरिए से नकद-कम-डिजिटल गेम में निवेश करने का मौका देता है। 175 रुपए के अपर प्राइस बैंड पर, स्टॉक की वैल्यू CMS इंफो सिस्टम्स जैसे दूसरे इश्यू जैसी ही है।"
AGS Transact Technologies IPO GMP Today
मार्केट के जानकारों के मुताबिक, गुरुवार को AGS ट्रांजैक्ट टेक्नोलॉजीज का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) और घट गया और अब यह अनलिस्टेड मार्केट में 8 रुपये के प्रीमियम पर कारोबार कर रहा है। कंपनी के शेयर 1 फरवरी, 2022 को स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट हो सकते हैं।
AGS ट्रांजैक्ट टेक्नोलॉजीज की स्थापना दिसंबर 2022 में हुई थी। यह बैंकों और कॉरपोरेट्स को एटीएम और कैश रिसाइकलर मशीन (CRM), आउटसोर्सिंग कैश मैनेजमेंट, डिजिटल पेमेंट सॉल्यूशन, ट्रांजैक्शन प्रोसेसिंग सर्विसेस और मोबाइल वॉलेट जैसी सेवाओं के लिए कस्टमाइज्ड प्रोडक्ट और सेवाएं उपलब्ध कराती है। कंपनी के प्रमोटर रवि बी गोयल और Vineha Enterprises है। कंपनी में दोनों की संयुक्त हिस्सेदारी 97.61 फीसदी है जबकि 1.51 फीसदी हिस्सेदारी AGSTTL Employees Welfare Trust के पास है। 31 मार्च 2021 तक के आंकड़ों के आधार पर, यह ATM से जुड़ी सेवाओं से होने वाली आमदनी के आधार पर देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी है।