Alphalogic IPO: स्टोरेज सिस्टम्स बनाने वाली कंपनी अल्फालॉजिक (Alphalogic) का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए आज खुल गया है। इसके आईपीओ के तहत सिर्फ नए शेयर जारी होंगे और इनके लिए 96 रुपये के भाव पर बोली लगा सकते हैं। ग्रे मार्केट की बात करें तो यह लगभग फ्लैट है यानी इसके शेयरों को लेकर सुस्त रुझान है। हालांकि मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी के फाइनेंशियल और फंडामेंटल्स के आधार पर निवेश का फैसला लेना चाहिए। पिछले वित्त वर्ष में कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 619 फीसदी से अधिक बढ़ा था। इसके शेयरों की मेनबोर्ड यानी बीएसई-एनएसई की बजाय बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म BSE SME पर एंट्री होगी।
Alphalogic IPO की डिटेल्स
अल्फालॉजिक के 12.88 करोड़ रुपये के आईपीओ में 6 जुलाई तक पैसे लगा सकेंगे। इस इश्यू के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 13,41,600 नए इक्विटी शेयर जारी होंगे और ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के तहत शेयरों की बिक्री नहीं होगी। इस इश्यू के लिए 96 रुपये का भाव और 1200 शेयरों का लॉट फिक्स किया गया है। आईपीओ की सफलता के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 11 जुलाई को फाइनल होगा और फिर इसके बाद बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म BSE SME पर 14 जुलाई को एंट्री होगी। इश्यू का रजिस्ट्रार कैमियो कॉरपोरेट सर्विसेज लिमिटेड है। नए शेयरों को जारी कर जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने, इश्यू से जुड़े खर्चों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
Alphalogic Industries की डिटेल्स
अल्फालॉजिक टेकसिस (Alphalogic Techsys) ने अल्फालॉजिक इंडस्ट्रीज को तीन साल पहले वर्ष 2020 में शुरू किया था। यह कंपनी इंडस्ट्रियल और इंस्टीट्यूशनल स्टोरेज सिस्टम्स की डिजाइन, उन्हें बनाकर सप्लाई करने और इंस्टॉलेशन का काम करती है। कंपनी कॉम्पैक्टर स्टोरेज सिस्टम, हैवी ड्यूटी स्टोरेज रैक, कैंटिलीवर रैक, लॉकर, मेजेनाइन फ्लोर्स, मेटल पैलेट और क्रेट, लाइब्रेरी स्टैक, बुक केस, बुक ट्रॉली, पीरियोडिकल डिस्प्ले रैक, स्कूल लॉकर, बुक सपोर्ट आदि बनाती है। इसका प्लांट पुणे के पिंपरी चिंचवाड़ में है।
इसके प्रोडक्ट्स की जरूरत अब लगभग हर इंडस्ट्री में है। वित्त वर्ष 2023 में अलग-अलग इंडस्ट्री के इसके 150 से अधिक ग्राहक थे। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसका शुद्ध मुनाफा लगातार बढ़ा है। वित्त वर्ष 2021 में इसे 8.29 लाख रुपये का नेट प्रॉफिट मिला था जो अगले ही वित्त वर्ष 2022 में बढ़कर 30.51 लाख रुपये पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष 2023 में कंपनी को 2.19 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था।