Ami Organics IPO: Ami Organics के शेयर अलॉटमेंट की प्रक्रिया पूरी हो गई है। 569.64 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में पैसे लगाने वाली की नजरें अब इसकी लिस्टिंग डेट पर टिकी हुई है। इस बात की संभावना है कि 14 सितंबर 2021 को इस आईपीओ की लिस्टिंग हो सकती है। हालांकि इस आईपीओ में पैसे लगाने वालों की नजरे ग्रे मार्केट पर भी लगी हुई हैं।
बाजार जानकारों का कहना है कि आईपीओ में पैसे लगाने वालों का एक तबका ऐसा होता है कि जो यह मानता है कि ग्रे मार्केट में आईपीओ की चाल से उसके लिस्टिंग प्रीमियम का अंदाजा लगाया जा सकता है।
बता दें कि Ami Organics के आईपीओ का GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) आज 155 रुपये पर नजर आ रहा है जो कल के 150 रुपये से 5 रुपये ज्यादा है। ग्रे मार्केट पर नजर रखने वालों का कहना है कि इस आईपीओ का GMP 175 रुपये से 150 रुपये के बीच में घूमता नजर आ रहा है जिसका मतलब यह है कि ग्रे मार्केट का अनुमान है कि इस स्टॉक की लिस्टिंग करीब 25 फीसदी प्रीमियम पर हो सकती है।
गौरतलब है कि इस आईपीओ को निवेशकों से काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला था और ये 64.54 गुणा सब्सक्राइब हुआ था।
बता दें कि स्पेशियल्टी केमिकल्स बनाने वाली Ami Organics ने अपने इनिशियल पब्लिक ऑफर (IPO) के लिए 603-610 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया था। यह IPO सब्सक्रिप्शन के लिए 1-3 सितंबर तक खुला था। इसमें 200 करोड़ रुपये के नए शेयर्स जारी किए गए और प्रमोटर्स और मौजूदा शेयरहोल्डर्स की ओर से 60.6 लाख शेयर्स का ऑफ फॉर सेल था। इसके अपर प्राइस बैंड पर कंपनी ने लगभग 570 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
IPO से मिलने वाले फंड का इस्तेमाल कंपनी कर्ज चुकाने और वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी। पिछले फाइनेंशियल ईयर में Ami Organics का रेवेन्यू बढ़कर 340.61 करोड़ रुपये रहा था। नेट प्रॉफिट 27.47 करोड़ रुपये से बढ़कर 53.99 करोड़ रुपये पर पहु्ंच गया था।
स्पेशियलिटी केमिकल्स के रिसर्च और डिवेलपमेंट के साथ कंपनी इससे जुड़ी मैन्युफैक्चरिंग भी करती है। इसने हाल ही में ही गुजरात ऑर्गेनिक्स लिमिटेड को एक्वायर किया था। यूरोप, चीन, जापान, इजरायल अमेरिका, ब्रिटेन जैसे तेजी से बढ़ने वाले मार्केट्स में कंपनी कुछ मल्टीनेशनल फार्मा कंपनियों को फार्मा इंटरमीडिएट्स का एक्सपोर्ट भी करती है।