बासमती चावल एक्सपोर्ट करने वाली कंपनी ला रही IPO, 24 मार्च से कर सकेंगे सब्सक्राइब; जानिए डिटेल

Amir Chand IPO: हरियाणा की बासमती चावल निर्यातक कंपनी Amir Chand Jagdish Kumar (Exports) ₹440 करोड़ का IPO ला रही है। यह इश्यू 24 मार्च से खुलेगा और 27 मार्च तक सब्सक्रिप्शन के लिए उपलब्ध रहेगा। जानिए आईपीओ की पूरी डिटेल।

अपडेटेड Mar 15, 2026 पर 8:38 PM
Story continues below Advertisement
अमीर चंद ने अपने मुख्य बासमती चावल कारोबार के साथ साथ FMCG सेगमेंट में भी विस्तार किया है।

Amir Chand IPO: हरियाणा की बासमती चावल निर्यातक कंपनी Amir Chand Jagdish Kumar (Exports) Ltd. अपना ₹440 करोड़ का IPO लेकर आ रही है। यह पब्लिक इश्यू 24 मार्च से निवेश के लिए खुलेगा और निवेशक इसमें 27 मार्च तक बोली लगा सकेंगे। कंपनी के रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस के मुताबिक 23 मार्च को एंकर निवेशकों के लिए बोली लगाई जाएगी, जिसमें बड़े संस्थागत निवेशक हिस्सा लेते हैं।

पूरी तरह फ्रेश इश्यू होगा IPO

Amir Chand का यह IPO पूरी तरह नए इक्विटी शेयर जारी करने के जरिए लाया जा रहा है। इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) का कोई हिस्सा शामिल नहीं है, यानी मौजूदा शेयरधारक अपने शेयर नहीं बेच रहे हैं। कंपनी ने जून 2025 में जो ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस दाखिल किया था, उसमें IPO का आकार ₹550 करोड़ रखा गया था। बाद में इसे घटाकर ₹440 करोड़ कर दिया गया। इस IPO को SEBI से अक्टूबर 2025 में मंजूरी मिल चुकी है।


प्री-IPO राउंड में जुटाए ₹13 करोड़

IPO से पहले कंपनी ने प्री-IPO फंडिंग के जरिए करीब ₹13 करोड़ जुटाए थे। इस दौरान 7.55 लाख शेयर ₹172 प्रति शेयर के भाव पर जारी किए गए थे। इस कीमत के आधार पर कंपनी का कुल मूल्यांकन करीब ₹1,877 करोड़ आंका गया था।

जुटाई गई राशि का कहां होगा इस्तेमाल

अमीर चंद ने बताया है कि IPO से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल मुख्य रूप से वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा। इसके अलावा कुछ राशि सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए भी इस्तेमाल की जाएगी, जिससे कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

किन कंपनियों से है मुकाबला

Amir Chand Jagdish Kumar (Exports) भारत में बासमती चावल की प्रोसेसिंग और निर्यात करने वाली कंपनियों में शामिल है। कंपनी अपने उत्पाद 'Aeroplane' ब्रांड के नाम से बाजार में बेचती है। इस सेगमेंट में कंपनी का मुकाबला कई बड़ी कंपनियों से है। इनमें KRBL Ltd, LT Foods और Sarveshwar Foods जैसी कंपनियां शामिल हैं। इसके अलावा बाजार में कई छोटे और असंगठित प्रोसेसर भी सक्रिय हैं।

FMCG कारोबार में भी कदम

अमीर चंद ने अपने मुख्य बासमती चावल कारोबार के साथ साथ FMCG सेगमेंट में भी विस्तार किया है। इसके तहत कंपनी रसोई में इस्तेमाल होने वाले स्टेपल और अन्य जरूरी खाद्य उत्पाद भी बाजार में उतार रही है, जिससे अपने ब्रांड की मौजूदगी को और मजबूत किया जा सके।

कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन

वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो 31 दिसंबर 2024 को खत्म हुए नौ महीने की अवधि में कंपनी ने ₹1,421.3 करोड़ का राजस्व दर्ज किया। इसी अवधि में कंपनी का कर के बाद मुनाफा (PAT) ₹48.77 करोड़ रहा।

IPO के मैनेजर और लिस्टिंग प्लान

इस IPO के लिए Emkay Global Financial Services और Keynote Financial Services मर्चेंट बैंकर के रूप में काम कर रहे हैं। कंपनी 30 मार्च तक शेयर अलॉटमेंट को अंतिम रूप दे सकती है। इसके बाद कंपनी के शेयर BSE और NSE पर सूचीबद्ध किए जाने का प्रस्ताव है।

नए सप्ताह में 9 कंपनियों का शेयरहोल्डर लॉक-इन खत्म, 100 करोड़ से ज्यादा शेयर हो जाएंगे फ्री

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।