Archit Nuwood SME IPO: अर्चित नुवुड इंडस्ट्रीज को दूसरे सबसे बड़े SME IPO के लिए बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) से सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही कंपनी के लिए अपना आईपीओ लॉन्च करने का रास्ता साफ हो गया है। मामले से जुड़े सूत्रों के अनुसार हरियाणा स्थित SME का IPO इस महीने के अंत में खुलने की उम्मीद है। इसका इश्यू साइज करीब 170 करोड़ रुपये होने की संभावना है। यह केपी ग्रीन इंजीनियरिंग के बाद दूसरा सबसे बड़ा SME IPO होगा, जिसने मार्च में लगभग 180 करोड़ रुपये जुटाए थे।
Archit Nuwood SME IPO में जारी होंगे सिर्फ फ्रेश शेयर
आईपीओ में पूरी तरह से फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे, जिसमें कंपनी 62.40 लाख शेयर जारी करने की योजना बना रही है। प्रमोटर विनीत कुमार के पास 25.79 लाख शेयर, विनोद कुमार सिंगला के पास 6486 लाख शेयर और प्रेम चंद के पास 19.46 लाख शेयर हैं, जो कंपनी की प्री-इश्यू पेड-अप शेयर कैपिटल का 14.81, 37.24 और 11.17 फीसदी है।
Archit Nuwood कहां करेगी फंड का इस्तेमाल?
आईपीओ से जुटाई गई धनराशि का इस्तेमाल प्रोडक्शन कैपिसिटी बढ़ाने, बाजार में अपनी पहुंच का विस्तार करने और फ्यूचर ग्रोथ को गति देने के लिए नई तकनीकों में निवेश करने के लिए किया जाएगा। प्री-आईपीओ राउंड में कंपनी ने 180 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 10.68 लाख शेयरों के नए इश्यू के जरिए 19.22 करोड़ रुपये जुटाए। प्री-राउंड में हि्स्सा लेने वाले कुछ प्रमुख निवेशकों में नेगेन कैपिटल, विजय खेतान (परम कैपिटल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर), अंकित मित्तल और गुणवंत वैद शामिल थे।
अर्चित ग्रुप द्वारा प्रमोटेड अर्चित नुवुड वूड-बेस्ड पैनलों का एक लीडिंग मैन्युफैक्चरर है। DRHP के अनुसार, कंपनी ने इक्विटी शेयरों की फेस वैल्यू 10 रुपये प्रति शेयर तय की है। अर्चित नुवुड साल 2017 में इनकॉर्पोरेट हुई है। यह मीडियम डेंसिटी फाइबरबोर्ड (MDF), हाई डेंसिटी फाइबरबोर्ड (HDF) बोर्ड और प्री-लैमिनेटेड शीट बनाती है।
कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी हरियाणा के टोहाना में स्थित है। प्लांट अत्याधुनिक एमडीएफ और एचडीएफ प्लांट्स के साथ-साथ शॉर्ट-साइकिल प्रेस से लैस है। प्री-लैमिनेटेड रेंज में कई तरह के टेक्सचर दिए गए हैं, जिसमें सॉलिड, वुड ग्रेन शेड्स और फैब्रिक और स्टोन डेकोर शामिल हैं, जिसमें प्री-लैमिनेटेड बोर्ड की सतह पर बारीक ढंग से तैयार की गई टेक्सचर्ड कॉल प्लेट्स शामिल हैं।
लगातार बढ़ रहा है वूड-बेस्ड पैनल सेक्टर
लोकल इकोनॉमी के तेजी से विकास और लोकल कस्टमर्स से क्वालिटी पैनलों की स्टेबल डिमांड के कारण वूड-बेस्ड पैनल सेक्टर लगातार बढ़ रहा है। इसके अलावा, रिटेल, हॉस्पिटैलिटी और हेल्थकेयर सेक्टर्स के विकास ने कमर्शियल रियल एस्टेट की मांग में वृद्धि की है। शेयर इंडिया कैपिटल सर्विसेज इस इश्यू के लिए बुक-रनिंग लीड मैनेजर है, जबकि माशितला सिक्योरिटीज रजिस्ट्रार है। इश्यू के लिए मूल्य बैंड और लॉट साइज का फैसला कंपनी द्वारा बुक-रनिंग लीड मैनेजर के परामर्श से उचित समय पर किया जाएगा।