ArisInfra Solutions IPO: एरिसिनफ़्रा सॉल्यूशंस लिमिटेड अपना आईपीओ लाने जा रही है। कंपनी ने इसके लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल किया है। आईपीओ के जरिए कंपनी 600 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इस कंपनी में PharmEasy के CEO सिद्धार्थ शाह का निवेश है। इस आईपीओ के तहत केवल फ्रेश इक्विटी शेयर जारी होंगे और इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए कोई बिक्री नहीं होगी। इसका मतलब है कि आईपीओ से होने वाली पूरी आय कंपनी को जाएगी।
ArisInfra Solutions IPO से जुड़ी डिटेल
मुंबई स्थित कंपनी प्री-आईपीओ प्लेसमेंट के माध्यम से लगभग ₹120 करोड़ जुटाने की योजना बना रही है। अगर यह प्लेसमेंट किया जाता है, तो आईपीओ का साइज कम हो जाएगा। PharmEasy के CEO सिद्धार्थ शाह के अलावा रौनक किशोर मोरबिया, भाविक जयेश खारा, जैस्मीन भास्कर शाह, प्रियंका भास्कर शाह, भास्कर शाह, एस्पायर फैमिली ट्रस्ट और प्रियंका शाह फैमिली ट्रस्ट कंपनी के प्रमोटर्स हैं। जेएम फाइनेंशियल, आईआईएफएल सिक्योरिटीज और नुवामा पब्लिक इश्यू के बुक-रनिंग लीड मैनेजर हैं।
ArisInfra Solutions IPO: कहां होगा फंड का इस्तेमाल?
ड्राफ्ट पेपर्स के मुताबिक 204.6 करोड़ रुपये की आय का इस्तेमाल कर्ज के भुगतान के लिए किया जाएगा। इसके अलावा, कंपनी की वर्किंग कैपिटल जरूरतों की फंडिंग के लिए ₹177 करोड़ खर्च किए जाएंगे। सब्सिडियरी कंपनी बिल्डमेक्स-इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड में निवेश के लिए ₹48 करोड़ का इस्तेमाल होगा। सब्सिडियरी कंपनी एरिसयूनिटर्न री सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के मौजूदा शेयरधारकों से आंशिक शेयरहोल्डिंग खरीदने के लिए ₹20.4 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा, शेष राशि का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए और इनऑर्गेनिक अधिग्रहणों के लिए किया जाना है।
ArisInfra Solutions के बारे में
एरिसइन्फ्रा सॉल्यूशंस एक B2B टेक्नोलॉजी-इनेबल्ड कंपनी है, जो कंस्ट्रक्शन मटेरियल की खरीद प्रक्रिया को सरल और डिजिटल बनाने पर काम करती है। 1 अप्रैल 2021 से 31 मार्च 2024 के बीच कंपनी ने 1.035 करोड़ मीट्रिक टन कंस्ट्रक्शन मटेरियल डिलीवर किया है, जिसमें एग्रीगेट्स, रेडी-मिक्स कंक्रीट, स्टील, सीमेंट, कंस्ट्रक्शन केमिकल और वॉलिंग सॉल्यूशन शामिल हैं। इसमें 1458 वेंडर्स का उपयोग किया गया है और कई शहरों में 963 पिन कोड पर 2133 कस्टमर्स को सर्विस दी गई है।