डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट जारी करने वाली देश की सबसे बड़ी लाइसेंसप्राप्त कंपनी ईमुद्रा लिमिटेड (eMudhra Limited) शुक्रवार 20 मई को अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लॉन्च करेगी। इस IPO में निवेश करने से पहले निवेशकों को कुछ बातों को ध्यान में रखना चाहिए-
ईमुद्रा (eMudhra) का इनीशियल पब्लिक ऑफर शुक्रवार 20 मई को खुलेगा और मंगलवार 24 मई को बंद होगा।
आईपीओ का प्राइस बैंड 243 से 256 रुपये तय किया गया है, जिनका फेस वैल्यू 5 रुपये होगा।
कंपनी अपने आईपीओ से कुल 413 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी कर रही है। इसमें से 161 करोड़ रुपये के कंपनी फ्रेश शेयर जारी करेगी, जबकि 252 करोड़ रुपये कंपनी के शेयरहोल्डरों और प्रमोटरों की तरफ से बिक्री के लिए रखे जाएंगे। IPO के बाद कंपनी में प्रमोटरों की हिस्सेदारी 18.16 फीसदी से घटकर 61.03 रुपये पर आ जाएगी।
कंपनी ने अपने आईपीओ का आधा यानी 50 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित रखा है। वहीं 35 हिस्सा रिटेल निवेशकों, जबकि 15 फीसदी हिस्सा नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) के लिए आरक्षित रखा जाएगा।
निवेशक लॉट के हिसाब से बोली लगा सकते हैं। एक लॉट में कंपनी के 58 शेयर होंगे। इस तरह एक लॉट की बोली लगाने के लिए निवेशकों को न्यूनतम 14,848 रुपये निवेश करने होंगे। अधिकतम 13 लॉट के लिए बोली लगाई जा सकती है।
eMudhra की स्थापना 16 जून 2008 में हुई थी और यह 3i Infotech के पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी है। वित्त वर्ष 2021 तक, डिजिटिल सिग्नेचर सर्टिफिकेट्स मार्केट का 37.9 हिस्से पर कंपनी का दबदबा था।
कंपनी अपनी दो तरह की सेवाएं मुहैया कराती है, जिसमें डिजिटल ट्रस्ट सर्विसेज और एंटरप्राइज सॉल्यूशंस शामिल है। यह इंडिविजुअल/ऑर्गनाइजेशन सर्टिफिकेट्स, मल्टी-फैक्टर अथेंटिकेशन, मोबाइल एप्लिकेशन सिक्योरिटी, वेबसाइट सिक्योरिटी टेस्टिंग, आईटी पॉलिसी एसेसमेंट आदि से जुड़ी सेवाएं मुहैया कराती है। अपनी स्थापना के बाद से कंपनी अभी तक 5 करोड़ से अधिक डिजिटल सिग्नेचर जारी कर चुकी है।
वित्त वर्ष 2021 में ईमुध्रा की आमदनी 13 फीसदी बढ़कर 131.59 करोड़ रुपये रही थी, जो इसके पिछले वित्त वर्ष 116.45 करोड़ रुपये था। वहीं वित्त वर्ष 2022 के पहले 9 महीनों में कंपनी की आमदनी 137.24 करोड़ रुपये रही है।
ईमुध्रा के मुनाफे में वित्त वर्ष 2019 के बाद से लगातार दोहरे अंकों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। वित्त वर्ष 2020 में कंपनी का मुनाफा 18.4 करोड़ रुपये रहा था, जो वित्त वर्ष 2021 में 38 फीसदी बढ़कर 25.36 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वित्त वर्ष 2022 के पहले 9 महीनों में कंपनी का मुनाफा करीब 30.33 करोड़ रुपये रहा है।
अनलिस्टेड मार्केट के जानकारों के मुताबिक, ईमुध्रा के शेयरों का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) गुरुवार को शून्य था, यानी ये अपने ऊपरी प्राइस बैंड के भाव पर ही फ्लैट कारोबार कर रहे थे।
कंपनी के शेयरों का अलॉटमेंट 27 मई को होगा। वहीं 1 जून को इसकी शेयर बाजारों में लिस्टिंग हो सकती है।