Atomberg IPO: कंज्यूमर एप्लाएंसेज कंपनी एटमबर्ग आईपीओ ला रही है। हालांकि इसके ड्राफ्ट के मुताबिक निवेशकों को थोड़ा सतर्क रहना चाहिए क्योंकि उन्हें करीब ₹190 करोड़ की देनदारी विरासत में मिलेगी। निवेशकों को ये पैसे कंपनी के फाउंडर्स मनोज कुमार मीना और सिबाब्रता दास को उन बोनस के लिए देने हैं जो पिछले वित्त वर्षों में इन्हें दिए गए लेकिन पेमेंट नहीं हुआ और डेफर्ड यानी स्थगित कर दिया गया। यह देनदारी कितनी बड़ी है, इसका अंदाजा इससे लगा सकते हैं कि कंपनी के पास ₹215.87 करोड़ का कैश और बैंक डिपॉजिट्स है यानी कि डेफर्ड बोनस इसका करीब 88% है यानी कि जब डेफर्ड बोनस का पेमेंट होगा तो कंपनी के पास कैश कम हो सकता है। इसके अलावा वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का ऑपरेटिंग कैश फ्लो निगेटिव यानी (-) ₹218.98 करोड़ में रहा और इसे ₹148.88 करोड़ का घाटा भी हुआ।
मनीकंट्रोल ने एनालिसिस में पाया कि कंपनी के आईपीओ ड्राफ्ट और वित्तीय रिपोर्ट के मुताबिक वित्त वर्ष 2023 में मनोज और सिबाब्रता को कुल मिलाकर ₹59.97 करोड़ और वित्त वर्ष 2024 में ₹132.89 करोड़ करोड़ का बोनस दिया गया लेकिन मार्च 2026 तक इन ₹192.46 करोड़ के बोनस में से ₹190.09 करोड़ का बोनस अभी भी देना है। हालांकि आईपीओ ड्राफ्ट में यह खुलासा नहीं हुआ है कि इतने बड़े बोनस को तय करने के लिए मानक क्या था और इसे डेफर्ड बोनस के रूप में क्यों बनाया गया।
निवेशकों के लिए इससे भी अहम बात ये है कि आईपीओ के ड्राफ्ट में पेमेंट की डेट, किश्तों की शेड्यूल या सेटलमेंट ट्रिगर के बारे में कुछ भी नहीं बताया गया है। ड्राफ्ट में सिर्फ इतना है कि मैनेजमेंट बोनस को आने वाले समय में चुकाया जाएगा। ड्राफ्ट में यह भी नहीं है कि इसका पेमेंट आईपीओ के पैसों से किया जाएगा या नहीं। बता दें कि दोनों फाउंडर्स की कंपनी में कुल मिलाकर 27.75% हिस्सेदारी है। वैसे दोनों अपनी कुछ हिस्सेदारी पहले ही बेच चुके हैं और वर्ष 2019 से सेकंडरी सेल के जरिए मनोज मीणा को लगभग ₹40.18 करोड़ और सिबाब्रता दास को लगभग ₹31.39 करोड़ मिले थे।
IPO से ₹450 करोड़ मिलेंगे कंपनी को
एटमबर्ग की योजना आईपीओ के जरिए ₹450 करोड़ के नए शेयर जारी करने की है यानी कंपनी को इतने रुपये मिलेंगे। इसमें से ₹90 करोड़ कर्ज चुकाने, ₹150 करोड़ ब्रांड बनाने और परफॉर्मेंस मार्केटिंग, ₹100 करोड़ रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) पर खर्च होंगे तो बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे। आम कॉरपोरेट उद्देश्यों का पैसा कंपनी कहीं भी खर्च कर सकती है और इससे फाउंडर्स का बोनस चुकाया जा सकता है लेकिन ड्राफ्ट में ऐसा कुछ बताया नहीं गया है।
एटमबर्ग ने कारोबार की शुरुआत कम बिजली खर्च करने वाले BLDC (ब्रशलेस डीसी) सीलिंग फैन बेचने से की थी और अब यह अपने एटमबर्ग ब्रांड के तहत सीलिंग फैन, पेडेस्टल फैन, वॉल फैन, एग्जॉस्ट फैन, मिक्सर ग्राइंडर, वॉटर प्यूरीफायर, कोल्ड-प्रेस्ड जूसर और स्मार्ट लॉक बेच रही है। पिछले वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 34.8% बढ़कर ₹1,293.77 करोड़ हो गया लेकिन इस दौरान घाटा भी 26.8% बढ़कर ₹148.88 करोड़ हो गया।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।