Avalon Tech IPO: सोमवार को खुलेगा इस वित्त वर्ष का पहला आईपीओ, इन एंकर निवेशकों ने खरीदे 389 करोड़ के शेयर

Avalon Tech IPO: चालू वित्त वर्ष का पहला इश्यू सब्सक्रिप्शन के लिए सोमवार को खुलेगा। इश्यू खुलने के पहले एवलॉन टेक (Avalon Tech) ने एंकर बुक के जरिए 389.25 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। ग्रे मार्केट में भी इसके शेयरों की स्थिति अच्छी दिख रही है। कंपनी की वित्तीय सेहत भी लगातार मजबूत हुई है। पैसे लगाने से पहले इश्यू से जुड़ी पूरी डिटेल्स चेक कर लें

अपडेटेड Apr 01, 2023 पर 11:57 AM
Avalon Tech IPO का 865 करोड़ रुपये का इश्यू सब्सक्रिप्शन के लिए 3-6 अप्रैल के बीच खुलेगा। इस इश्यू के लिए 415-436 रुपये का प्राइस बैंड और 34 शेयरों का लॉट साइज फिक्स किया गया है।

Avalon Tech IPO: इलेक्ट्रॉनिक मैनुफैक्चरिंग सर्विसेज देने वाली कंपनी एवलॉन टेक (Avalon Tech) ने एंकर बुक के जरिए 389.25 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। 865 करोड़ रुपये का यह इश्यू एंकर निवेशकों के लिए 31 मार्च को खुला था। अब चालू वित्त वर्ष 2023-24 का पहला इश्यू सब्सक्रिप्शन के लिए सोमवार 3 अप्रैल को खुलेगा। इस इश्यू के तहत नए शेयर भी जारी होंगे और मौजूदा शेयरधारक ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के तहत भी शेयरों की बिक्री करेंगे। ग्रे मार्केट में इसके शेयरों की स्थिति शानदार है और इश्यू के प्राइस बैंड 415-436 रुपये के अपर प्राइस के हिसाब से 12 रुपये की GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) पर ट्रेड हो रहे हैं। हालांकि मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी के फंडामेंटल्स और फाइनेंशियल्स के आधार पर निवेश का फैसला लेना चाहिए।

24 एंकर निवेशकों ने की शेयरों की खरीदारी

एवलॉन टेक का इश्यू एंकर निवेशकों के लिए 31 मार्च को खुला था। एंकर बुक में 24 निवेशकों ने हिस्सा लिया और कंपनी ने इसके जरिए 389.65 करोड़ रुपये जुटाए हैं। बीएसई फाइलिंग के मुताबिक इन्हें 436 रुपये के भाव पर 89.28 लाख इक्विटी शेयर जारी किए गए हैं। इसमें से 29.81 लाख शेयरों को 10 स्कीमों के जरिए 5 घरेलू म्यूचुअल फंड्स को जारी किए गए। एंकर बुक में नोमुरा ट्रस्ट, अशोक इंडिया अपॉर्च्यूनिटीज फंड, गोल्डमैन सैक्स, न्यूबर्जर बर्मन एमर्जिंग मार्केट्स इक्विटी फंड, एचडीएफसी म्यूचुअल फंड, आदित्य बिरला सन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, वाइटओक कैपिटल, महिंद्रा मैनुलाइफ म्यूचुअल फंड, ओक्स एमर्जिंग अंब्रेला फंड और प्रिंसिपल फंड्स ने हिस्सा लिया।


Samhi Hotels ने IPO के लिए फिर किया अप्लाई, इस वजह से दोबारा पहुंची SEBI के पास

Avalon Tech IPO की डिटेल्स

एवलॉन टेक का 865 करोड़ रुपये का इश्यू सब्सक्रिप्शन के लिए 3-6 अप्रैल के बीच खुलेगा। इस इश्यू के लिए 415-436 रुपये का प्राइस बैंड और 34 शेयरों का लॉट साइज फिक्स किया गया है। इस इश्यू के जरिए 320 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे और 545 करोड़ रुपये के शेयरों की ऑफर फॉर सेल के तहत बिक्री होगी। आईपीओ की सफलता के लिए शेयरों का अलॉटमेंट 12 अप्रैल को फाइनल होगा और एनएसई-बीएसई पर शेयरों की 18 अप्रैल को एंट्री होगी।

इश्यू का 75 फीसदी हिस्सा क्वालिफाई इंस्टीट्यूशनल बॉयर्स (QIB), 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) और 10 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है। आम कॉरपोरेट उद्देश्यों के अलावा नए शेयरों को जारी कर जुटाए गए 145 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और 90 करोड़ रुपये का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा।

LIC-GIC कितनी जरूरी, बीमा नियामक इरडा ने किया खुलासा

कंपनी के बारे में डिटेल्स

एवलॉन टेक फुल्ली इंटीग्रेटेड इलेक्ट्रॉनिक मैनुफैक्चरिंग सर्विसेज कंपनी है। यह पीसीबी (प्रिंटेड सर्किट बोर्ड) डिजाइन और इनकी असेंबलिंग, केबल असेंबली और वायर हार्नेस, शीट मेटल फैब्रिकेशन और मशीनिंग, मैग्नेटिक्स, इंजेक्शन मोल्डेड प्लास्टिक्स और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम्स का एंड-टू-एंड बिल्ड ऑफर करती है। इसके ग्राहक भारत के साथ-साथ अमेरिका, चीन, नीदरलैंड्स और जापान में भी हैं।

कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसका कारोबार लगातार मजबूत हुआ है।

वित्त वर्ष 2020 में इसे 12.33 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ था जो वित्त वर्ष 2021 में बढ़कर 23.08 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2022 में 68.16 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। रेवेन्यू की बात करें तो यह लगातार बढ़ा है। वित्त वर्ष 2020 में 653.15 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2021 में 695.90 करोड़ रुपये से बढ़कर यह वित्त वर्ष 2022-23 में 851.65 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।