Awfis Space Solutions IPO: 22 मई को खुलेगा 599 करोड़ का इश्यू, प्राइस बैंड समेत तमाम डिटेल

Awfis Space Solutions IPO: कंपनी ने इश्यू के लिए 364-383 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इस आईपीओ के तहत 128 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, 470.93 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी

अपडेटेड May 18, 2024 पर 2:51 PM
Awfis Space Solutions का आईपीओ 22 मई को खुलने वाला है।

को-वर्किंग स्पेस सॉल्यूशन प्रोवाइड करने वाली कंपनी औफिस स्पेस सॉल्यूशंस का आईपीओ 22 मई को खुलने वाला है। कंपनी का इरादा इश्यू के जरिए 599 करोड़ रुपये जुटाने का है। निवेशकों के पास इस आईपीओ में 27 मई तक निवेश का मौका रहेगा। कंपनी ने इश्यू के लिए 364-383 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इस आईपीओ के तहत 128 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, 470.93 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग BSE और NSE पर होगी।

इस आईपीओ के तहत कुल 1.56 करोड़ शेयरों की बिक्री होगी। इसमें 33.42 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर शामिल हैं। इसके साथ ही OFS के हिस्से के रूप में 1.22 करोड़ शेयर प्रमोटर पीक XV पार्टनर्स इन्वेस्टमेंट्स सहित मौजूदा शेयरधारकों द्वारा बेचे जाएंगे। प्रमोटर अमित रमानी के पास फुली डायल्यूटेड बेसिस पर 18.19 फीसदी हिस्सेदारी है, जबकि पीक XV पार्टनर्स इन्वेस्टमेंट्स V के पास 22.86 फीसदी हिस्सेदारी है।

Awfis Space Solutions IPO: कहां होगा फंड का इस्तेमाल


औफिस स्पेस सॉल्यूशंस ने आईपीओ से होने वाली आय से 42.03 करोड़ रुपए नए सेंटर स्थापित करने के लिए आवंटित करने की योजना बनाई है। इसके अलावा 54.37 करोड़ रुपए वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए खर्च किए जाएंगे, जबकि शेष राशि का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

Awfis Space Solutions IPO से जुड़ी डिटेल

निवेशक कम से कम 39 इक्विटी शेयरों और उसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। प्राइस बैंड के हिसाब से खुदरा निवेशकों को कम से कम 14,937 रुपये का निवेश करना होगा। ICICI सिक्योरिटीज लिमिटेड, एक्सिस कैपिटल लिमिटेड, IIFL सिक्योरिटीज लिमिटेड और एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड औफिस स्पेस सॉल्यूशंस आईपीओ के बुक-रनिंग लीड मैनेजर हैं, जबकि बिगशेयर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड इस इश्यू के लिए रजिस्ट्रार है। इसकी संभावित लिस्टिंग तारीख 30 मई 2024 तय की गई है।

Awfis Space Solutions के बारे में

औफिस स्पेस सॉल्यूशंस की स्थापना साल 2014 में हुई है। यह भारत में एक वर्कस्पेस सॉल्यूशन प्रोवाइडर के रूप में काम करता है। यह स्टार्टअप स्मॉल और मीडियम साइज एंटरप्राइजेज (SME) और बड़े कॉरपोरेट्स को फ्लेक्सिबल वर्कस्पेस ऑप्शन प्रदान करता है। इसके अलावा, औफिस स्पेस सॉल्यूशंस लिमिटेड केटरिंग, आईटी असिस्टेंस, इन्फ्रॉस्ट्रक्चर सपोर्ट और इवेंट ऑर्गनाइजेशन सहित अन्य सर्विसेज प्रदान करता है।

मार्च 2023 को समाप्त वित्तीय वर्ष में नई दिल्ली हेडक्वार्टर वाली कंपनी ने 46.64 करोड़ रुपये का नेट लॉस दर्ज किया, जो पिछले वर्ष के 57.2 करोड़ रुपये के घाटे से सुधार है। इस दौरान, कंपनी का रेवेन्यू पिछले वर्ष की तुलना में 112 फीसदी बढ़कर 545.3 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।