Baazar Style Retail IPO: निवेश करने का बना रहे हैं मन? यहां मिलेगी प्राइस बैंड से लेकर GMP तक पूरी जानकारी

Baazar Style Retail IPO opens on August 30: बाजार स्टाइल रिटेल के आईपीओ को ग्रे मार्केट से मजबूत रिस्पॉन्स मिल रहा है और यह इश्यू आज 28 अगस्त को 141 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 530 रुपये के भाव पर होने की संभावना है

अपडेटेड Aug 28, 2024 पर 10:06 PM
Baazar Style Retail IPO: बाजार स्टाइल रिटेल का आईपीओ 30 अगस्त 2024 को खुलने वाला है।

Baazar Style Retail IPO: दिग्गज निवेशक रेखा राकेश झुनझुनवाला के निवेश वाली कंपनी बाजार स्टाइल रिटेल का आईपीओ 30 अगस्त 2024 को खुलने वाला है। यह इस महीने लॉन्च होने वाला अंतिम आईपीओ होगा। निवेशकों के पास इस आईपीओ में 3 सितंबर तक निवेश का मौका रहेगा। एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू 29 अगस्त को एक दिन के लिए खुलेगा। कंपनी आईपीओ के जरिए 834.68 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इश्यू के लिए 370-389 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग BSE, NSE पर होगी।

Baazar Style Retail IPO के बारे में

बाजार स्टाइल रिटेल के आईपीओ के तहत 148 करोड़ रुपये के 38.04 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 686.68 करोड़ रुपये के 1.76 करोड़ शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल के जरिए होगी, जिसमें निवेशक रेखा राकेश झुनझुनवाला और इंटेंसिव सॉफ्टशेयर शामिल हैं।


प्रमोटर मधु सुराना, सबिता अग्रवाल, सुब्रतो ट्रेडिंग एंड फाइनेंस कंपनी, रेखा केडिया और शकुंतला देवी भी OFS में शेयर बेचेंगे। अन्य बेचने वाले शेयरधारक इंटेंसिव फाइनेंस, चंदुरकर इन्वेस्टमेंट, रजनीश गुप्ता और डीके सुराना HUF होंगे।

Baazar Style Retail में प्रमोटर्स की कितनी हिस्सेदारी?

कंपनी में प्रमोटरों की हिस्सेदारी 55.03 फीसदी है और शेष 44.97 फीसदी शेयर आम शेयरधारकों के पास हैं। निवेशक रेखा राकेश झुनझुनवाला 7.69 फीसदी और इंटेंसिव सॉफ्टशेयर 7.11 फीसदी हिस्सेदारी के साथ फर्म में सबसे बड़े शेयरधारक हैं। इसके बाद प्रमोटर भगवान प्रसाद और रोहित केडिया हैं, जिनके पास 6.22 फीसदी और 6.16 फीसदी हिस्सेदारी है।

Baazar Style Retail कहां करेगी फंड का इस्तेमाल

कोलकाता स्थित कंपनी बाजार स्टाइल रिटेल नए इश्यू से प्राप्त फंड में से 113.8 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए करेगी तथा शेष राशि का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

जून 2024 तक कंपनी की कुल बकाया उधारी 153.5 करोड़ रुपये थी। इसने कर्ज घटाने के लिए प्री-आईपीओ प्लेसमेंट से जुटाए गए 32.2 करोड़ रुपये का इस्तेमाल पहले ही कर लिया है। इसलिए, इश्यू के बाद, कंपनी का कर्ज का बोझ काफी कम होने की उम्मीद है। ऑफर-फॉर-सेल का पैसा बेचने वाले शेयरधारकों को जाएगा।

Baazar Style Retail IPO का लॉट साइज

निवेशक कम से कम 38 इक्विटी शेयरों और उसके बाद 38 शेयरों के मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। रिटेल निवेशक एक लॉट (38 शेयर) के लिए मिनिमम 14,872 रुपये का निवेश कर सकते हैं और उनका अधिकतम निवेश 1,92,166 रुपये (13 लॉट) होगा क्योंकि वे आईपीओ में 2 लाख रुपये तक निवेश कर सकते हैं।

आईपीओ का आधा हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 फीसदी रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और शेष 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (यानी हाई-नेटवर्थ इंडिविजुअल) के लिए आरक्षित किया गया है। कंपनी ने अपने कर्मचारियों के लिए 1 करोड़ रुपये के शेयर रिजर्व किए हैं, जिन्हें फाइनल IPO मूल्य से 35 रुपये प्रति शेयर के डिस्काउंट पर शेयर मिलेंगे।

Baazar Style Retail का बिजनेस

बाजार स्टाइल रिटेल एक वैल्यू फैशन रिटेलर है, जिसकी पश्चिम बंगाल और ओडिशा में ऑर्गेनाइज्ड वैल्यू रिटेल मार्केट में 3.03 फीसदी और 2.22 फीसदी की बाजार हिस्सेदारी है। कंपनी अपैरल और जनरल मर्चेंडाइज वर्टिकल पेश करती है। मार्च 2024 तक कंपनी के पास 146 शहरों में 162 स्टोर हैं और उनमें से अधिकांश स्टाइल बाजार ब्रांड के तहत संचालित होते हैं। टेक्नोपैक की रिपोर्ट के अनुसार, FY24 में V2 रिटेल और वी-मार्ट रिटेल जैसे लिस्टेड वैल्यू रिटेलर्स की तुलना में पूर्वी भारत में इसका सबसे बड़ा रिटेल फुटप्रिंट है।

कंपनी ने वित्त वर्ष 2024 में 336.9 लाख यूनिट की मर्चेंडाइज बिक्री दर्ज की है, जो पिछले वित्त वर्ष में 249.5 लाख यूनिट से अधिक है। यह किलर ब्रांड के लिए ब्रांडेड प्रोडक्ट्स भी ऑफर करती है। इसके प्राइवेट लेबल ब्रांडों ने वित्त वर्ष 24 में रेवेन्यू में 369 करोड़ रुपये का योगदान दिया, जो रेवेन्यू का 37.93 फीसदी है, जो पिछले वर्ष के 247.65 करोड़ रुपये (राजस्व का 31.43 फीसदी) से काफी अधिक है।

Baazar Style Retail का फाइनेंशियल

पिछले वर्षों में कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन मजबूत रहा है। वित्त वर्ष 2024 में प्रॉफिट 4.3 गुना बढ़कर 21.9 करोड़ रुपये हो गया, जबकि वित्त वर्ष 2023 में यह 5.1 करोड़ रुपये था। इसी अवधि के दौरान कंपनी का रेवेन्यू 23.5 फीसदी बढ़कर 972.9 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2024 में EBITDA 40 फीसदी बढ़कर 142.2 करोड़ रुपये हो गया, जबकि मार्जिन वित्त वर्ष 2023 की तुलना में 170 बीपीएस बढ़कर 14.6 फीसदी हो गया।

FY24 में रिटर्न ऑन कैपिटल एम्प्लॉयड (ROCE) 18.39 फीसदी पर मजबूत रहा, जो पिछले वर्ष में 13.77 फीसदी था और इसी अवधि के दौरान रिटर्न ऑन इक्विटी (ROE) 3.02 फीसदी से बढ़कर 10.74 फीसदी हो गया। हालांकि, वित्त वर्ष 2024 में सेम-स्टोर-सेल्स ग्रोथ घटकर 9.54 फीसदी रह गई, जो पिछले वर्ष 25.73 फीसदी थी।

Baazar Style Retail IPO की लिस्टिंग

सब्सक्रिप्शन के बाद बाजार स्टाइल रिटेल सफल निवेशकों को 4 सितंबर तक शेयरों का अलॉटमेंट करेगी। वहीं, 5 सितंबर तक इक्विटी शेयर सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट्स में जमा कर दिए जाएंगे। इसके इक्विटी शेयरों की ट्रेडिंग 6 सितंबर से BSE और NSE पर शुरू होगी।

Baazar Style Retail IPO का GMP

बाजार स्टाइल रिटेल के आईपीओ को ग्रे मार्केट से मजबूत रिस्पॉन्स मिल रहा है और यह इश्यू आज 28 अगस्त को 141 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 530 रुपये के भाव पर होने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 36 फीसदी का तगड़ा मुनाफा होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।