Balaji Solutions IPO: बालाजी सोल्यूशंस (Balaji Solutions) ने प्राइमरी मार्केट से फंड जुटाने के लिए लाए जाने वाले अपने आईपीओ की अर्जी सेबी में दाखिल कर दी है। इस आईपीओ में 120 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू होगा जबकि इसके ऑफर फॉर सेल के तहत कंपनी के शेयर होल्डर और प्रमोटर 75 लाख शेयरों की बिक्री करेंगे। इस ऑफर फॉर सेल में राजेंद्र सेकसारिया (Rajendra Seksaria) 15 लाख शेयर बेचेंगे। जबकि राजेंद्र सेकसारिया एचयूएफ (Rajendra Seksaria HUF) की तरफ से 60 लाख शेयरों की बिक्री की जाएगी।
ऑफर के फ्रेश इश्यू से मिले पैसे का इस्तेमाल कंपनी की वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा। 20 जून 2022 तक फंड बेस्ड वर्किंग कैपिटल फेसिलिटी के तहत कंपनी के ऊपर 11.22 करोड़ रुपये का बकाया था।
आईडीबीआई कैपिटल मार्केट एंड सिक्योरिटीज (IDBI Capital Markets & Securities) और एफिनिटी ग्लोबल कैपिटल मार्केट ( Affinity Global Capital Market) इस आईपीओ के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं।
गौरतलब है कि Balaji Solutions आईटी हाडवेयर और मोबाइल एसेसरीज बनाने वाली कंपनी है। कंपनी फॉक्सिन (Foxin Products) ब्रांड के तहत अपने प्रोडक्ट बनाती और प्रोडक्ट्स की ब्रांडिंग करती है।
वित्त वर्ष 2022 में कंपनी की आय 482.25 करोड़ रुपये थी। जबकि वित्त वर्ष 2021 की इसकी आय 483.48 करोड़ रुपये थी। वित्त वर्ष 2022 में कंपनी का मुनाफा 15.39 करोड़ रुपये रहा था जबकि वित्त वर्ष 2021 में कंपनी का मुनाफा 16.25 करोड़ रुपये था। जून 2022 तक कंपनी देश के 28 राज्यों और 5 केंद्र शासित क्षेत्रों में फॉक्सिन प्रोडेक्ट के नाम से अपने उत्पाद बेच रही थी। कंपनी के पास 1873 डीलरों का नेटवर्क है। जून 2022 में कंपनी के ऊपर 49.23 करोड़ रुपये का कर्ज था।