Basilic Fly Studio IPO : बेसिलिक फ्लाई स्टूडियो ने अपने आईपीओ का प्राइस बैंड तय कर दिया है। इस आईपीओ के लिए कंपनी ने प्रति शेयर 92-97 रुपये का ऑफर प्राइस रखा है। चेन्नई स्थित इस कंपनी का आईपीओ 1 सितंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। निवेशकों के पास 5 सितंबर तक इश्यू में निवेश का मौका होगा। सितंबर में लॉन्च होने वाला यह पहला SME आईपीओ होगा। विजुअल इफेक्ट्स (VFX) स्टूडियो 68.40 लाख शेयरों के पब्लिक इश्यू के माध्यम से 66.35 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रहा है।
इस आईपीओ के तहत 60.53 करोड़ रुपये के 62.4 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, 5.82 करोड़ रुपये के 6 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत होगी। OFS के हिस्से के रूप में प्रमोटर बालाकृष्णन और योगालक्ष्मी एस शेयरों की बिक्री करेंगे। बालाकृष्णन और योगालक्ष्मी एस के पास कंपनी में कुल 85.40 फीसदी हिस्सेदारी है।
निवेशक इस आईपीओ में कम से कम 1200 शेयरों के लिए और उसके बाद इसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। इसका मतलब है कि निवेशकों को कम से कम 116,400 रुपये का निवेश करना होगा। कुल इश्यू में से कंपनी ने मार्केट मेकर के लिए 10.26 लाख शेयर आरक्षित रखे हैं। नतीजतन, नेट इश्यू 58.14 लाख इक्विटी शेयरों का है, जिन्हें QIB, हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल और रिटेल निवेशकों में विभाजित किया जाएगा।
ऑफर का आधा हिस्सा QIB के लिए, 15 फीसदी हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल के लिए और शेष 35 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है। QIB का एक हिस्सा एंकर बुक 31 अगस्त को एक दिन के लिए खोली जाएगी।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल
बेसिलिक फ्लाई स्टूडियो की 21.36 करोड़ रुपये तक के निवेश के साथ हैदराबाद और सलेम में एक स्टूडियो या फैसिलिटी स्थापित करने की योजना है। इसके अलावा, आईपीओ फंड में से 19.6 करोड़ रुपये का इस्तेमाल चेन्नई और पुणे में मौजूदा फैसिलिटी या ऑफिस के इन्फ्रॉस्ट्रक्चर को और मजबूत करने के लिए किया जाएगा।
इसके अलावा, कंपनी लंदन में नए ऑफिस स्पेस का अधिग्रहण करके वर्कप्लेस के विस्तार के लिए सब्सिडियरी कंपनियों में भी निवेश करेगी। 4.65 करोड़ रुपये तक के निवेश के साथ वैंकूवर में मौजूदा फैसिलिटी या ऑफिस को मजबूत किया जाएगा। शेष धनराशि का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों और इश्यू से जुड़े खर्चों के लिए किया जाएगा।
बेसिलिक फ्लाई स्टूडियो ने पहले टॉप गन: मेवरिक, द व्हेल, स्पाइडर-मैन: नो वे होम, शांग-ची और द लीजेंड ऑफ द टेन रिंग्स, एवेंजर्स: एंडगेम, मैरी पोपिन्स रिटर्न्स और एलिटा: बैटल एंजेल सहित कई फिल्मों में प्रोजेक्ट्स पर काम किया है। कंपनी सब्सिडियरी कंपनियों के माध्यम से कनाडा और यूके में भी संचालित होती है।