वैक्सीन बनाने वाली कंपनी भारत बायोटेक इंटरनेशनल आईपीओ पेश करने का प्लान बना रही है। कंपनी आईपीओ से 50 करोड़ डॉलर यानी 4500 करोड़ रुपये हो सकता है। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आईपीओ का साइज और टाइमिंग में बदलाव हो सकता है। उन्होंने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर यह जानकारी दी।
दुनियाभर में 9 अरब से ज्यादा वैक्सीन की सप्लाई
Bharat Biotech ने इस बारे में प्रतिक्रिया के अनुरोध का तुरंत कोई जवाब नहीं दिया। भारत बायोटेक की शुरुआत 1996 में हुई थी। यह कंपनी दुनियाभर में 9 अरब से ज्यादा वैक्सीन की सप्लाई कर चुकी है। इसके पोर्टफोलियो में कोविड-19 और हेपेटाइटिस बी की वैक्सीन शामिल हैं।
2026 में आईपीओ बाजार में दिख रही सुस्ती
आईपीओ बाजार में इस साल पिछले दो सालों के मुकाबले कुछ सुस्ती दिख रही है। 2025 और 2024 आईपीओ के लिहाज से काफी व्यस्त साल थे। इसकी वजह शेयर बाजार में ज्यादा उतार-चढ़ाव हो सकता है। सुस्त अर्निंग्स ग्रोथ, ग्लोबल ट्रेड को लेकर अनिश्चितता और विदेशी निवेशकों की बिकवाली की वजह से बाजार का सेंटीमेंट कमजोर है। हालांकि, इस साल जियो प्लेटफॉर्म्स और एनएसई जैसे बड़े आईपीओ के आने की उम्मीद है।
इस साल आएगा एनएसई का आईपीओ
ब्लूमबर्ग ने 26 फरवरी को खबर दी थी कि एनएसई ने आईपीओ के लिए इनवेस्टमेंट बैंकों के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल्स इश्यू किए हैं। इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि एनएसई मार्च के मध्य तक एडवाइजर्स की नियुक्ति कर सकता है। एनएसई ने इस महीने लिस्टिंग प्रोसेस की मॉनिटरिंग के लिए एक कमेटी बनाई थी। उसने Rothschild & Co को इंडिपेंडेंट एडवाइजर्स नियुक्त किया था। इस आईपीओ का काफी समय से इंतजार है।