Bharat Coking Coal IPO: कल से खुलेगा 2026 का पहला बड़ा सरकारी इश्यू, GMP में बंपर उछाल; बोली लगाए या नहीं? एक्सपर्ट्स से जानिए

Bharat Coking Coal IPO: BCCL अपने फील्ड की मार्केट लीडर कंपनी है। यह भारत की सबसे बड़ी कोकिंग कोल उत्पादक कंपनी है, जो देश के कुल उत्पादन का लगभग 58.50% हिस्सा कवर करती है। कंपनी मुख्य रूप से स्टील, बिजली और सीमेंट जैसे बुनियादी क्षेत्रों को कोयले की आपूर्ति करती है

अपडेटेड Jan 08, 2026 पर 1:45 PM
Story continues below Advertisement
ग्रे मार्केट में इसके अनलिस्टेड शेयरों की डिमांड इसकी मजबूत लिस्टिंग के संकेत दे रही है

Bharat Coking Coal IPO: कोल इंडिया की सहायक कंपनी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) का IPO कल यानी 9 जनवरी को सब्सक्रिप्शन के लिए खुल रहा है। यह 2026 का पहला मेनबोर्ड IPO है और निवेशकों के बीच इसे लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। ग्रे मार्केट में इसके शेयरों की मांग इसकी मजबूत लिस्टिंग के संकेत दे रही है। आइए आपको बताते हैं इस आईपीओ की पूरी डिटेल्स और एक्सपर्ट्स से जानिए क्या आपको इसमें पैसा लगाना चाहिए या नहीं।

IPO की पूरी डिटेल्स

  • IPO कब से खुलेगा: 9 जनवरी
  • IPO कब बंद होगा: 13 जनवरी
  • प्राइस बैंड: ₹21 से ₹23 प्रति शेयर।
  • लॉट साइज: 600 शेयर (एक लॉट के लिए न्यूनतम ₹13,800 का निवेश)।
  • इश्यू का साइज: कंपनी 46.57 करोड़ शेयरों की बिक्री के जरिए ₹1,071 करोड़ जुटाएगी। यह पूरी तरह 'ऑफर फॉर सेल' है।
  • शेयरों का अलॉटमेंट: 14 जनवरी
  • रिफंड/शेयर क्रेडिट: 15 जनवरी
  • लिस्टिंग: 16 जनवरी

BCCL का आईपीओ क्यों है खास?


BCCL अपने फील्ड की मार्केट लीडर कंपनी है। यह भारत की सबसे बड़ी कोकिंग कोल उत्पादक कंपनी है, जो देश के कुल उत्पादन का लगभग 58.50% हिस्सा कवर करती है। कंपनी मुख्य रूप से स्टील, बिजली और सीमेंट जैसे बुनियादी क्षेत्रों को कोयले की आपूर्ति करती है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025 में ₹1,240 करोड़ का शुद्ध लाभ (PAT) दर्ज किया है और फिलहाल पूरी तरह से कर्ज मुक्त है।

ग्रे मार्केट प्रीमियम से क्या मिल रहे संकेत

ग्रे मार्केट में BCCL के शेयरों की जबरदस्त डिमांड है। आज यानी 8 जनवरी की सुबह तक, इसके अनलिस्टेड शेयरों का GMP ₹11.40 के आसपास चल रहा है। ऊपरी प्राइस बैंड ₹23 और GMP ₹11.40 के आधार पर, शेयर ₹34.40 के आसपास लिस्ट हो सकता है। फिलहाल यह निवेशकों को लगभग 50% से 70% तक का लिस्टिंग गेन का संकेत दे रहा है।

BCCL के आईपीओ में क्या आपको निवेश करना चाहिए?

एसबीआई सिक्योरिटीज के विश्लेषकों ने इस आईपीओ को 'सब्सक्राइब' रेटिंग दी है, यानी इसमें पैसा लगाने की सलाह दी है। जानकारों का कहना है कि भारत कोकिंग कोल देश की सबसे बड़ी कोकिंग कोल उत्पादक कंपनी है, जिसके पास कोयले का विशाल भंडार और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण खदानें है। 1972 में बनी यह 'मिनी रत्न' कंपनी न केवल स्टील और बिजली क्षेत्रों की जरूरतें पूरी करती है, बल्कि अब यह कोल बेड मीथेन (CBM) जैसे भविष्य के प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर रही है। अप्रैल 2024 तक कंपनी के पास लगभग 7.91 अरब टन का कोयला भंडार था, जो इसे इस क्षेत्र का एक बेहद मजबूत खिलाड़ी बनाता है।

हालांकि, मुनाफे के साथ-साथ कुछ जोखिमों पर भी नजर रखना जरूरी है। रिपोर्ट में आगाह किया गया है कि कंपनी काफी हद तक अपनी पैरेंट कंपनी कोल इंडिया पर निर्भर है और इसका अधिकांश व्यापार कुछ गिने-चुने बड़े ग्राहकों (जैसे- स्टील और पावर प्लांट) तक सीमित है। इसके अलावा, विदेशी कोयले की कीमतों में उतार-चढ़ाव और ठेकेदारों से जुड़े जोखिम भी इसके भविष्य के मुनाफे को प्रभावित कर सकते है। आसान भाषा में कहें तो, अगर आप लंबी अवधि के लिए एक मजबूत सरकारी कंपनी में निवेश करना चाहते हैं, तो यह एक अच्छा विकल्प हो सकता है, लेकिन बाजार के जोखिमों को ध्यान में रखना जरूरी है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।