Bharat Coking Coal IPO: कोल इंडिया की सहायक कंपनी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के IPO को लेकर निवेशकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। बोली लगाने के दूसरे दिन यह इश्यू 12 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हो चुका है। ग्रे मार्केट प्रीमियम में लगातार बढ़ोतरी और ब्रोकरेज हाउसों की पॉजिटिव रेटिंग ने इसे निवेशकों की पहली पसंद बना दिया है।
इश्यू को हर कैटेगरी में शानदार रिस्पांस मिल रहा है। गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) ने सबसे ज्यादा 29 गुना से अधिक बुक किया है। रिटेल निवेशकों ने इसे 12 गुना और संस्थागत खरीदारों (QIB) ने 33% बुक किया है।
IPO की महत्वपूर्ण जानकारी
इश्यू साइज: ₹1,071.11 करोड़
प्राइस बैंड: ₹21-₹23 प्रति शेयर
लिस्टिंग डेट: 16 जनवरी को BSE और NSE पर
क्या आपको पैसा लगाना चाहिए?
अधिकांश ब्रोकरेज ने इसे 'सब्सक्राइब' करने की सलाह दी है। आनंद राठी ने 'लिस्टिंग गेन' के लिए सब्सक्राइब करने की सलाह दी। ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी का वैल्यूएशन उसके प्रदर्शन के हिसाब से आकर्षक है। वहीं देवेन चोकसी ने इस आईपीओ को 'लंबी अवधि' के लिए निवेश की सलाह दी है। उनके अनुसार, लिस्टिंग के बाद स्थिरता आने पर यह 1.5 से 2 गुना रिटर्न देने की क्षमता रखता है। उन्होंने इसके पीछे की वजह ये बताई है कि, भारत कोकिंग कोल लिमिटेड भारत की सबसे बड़ी कोकिंग कोल उत्पादक है और कर्ज मुक्त बैलेंस शीट के साथ स्टील इंडस्ट्री की बढ़ती मांग का इसे सीधा फायदा मिलेगा।
ग्रे मार्केट प्रीमियम से क्या मिल रहे संकेत?
BCCL के शेयरों की गैर-आधिकारिक बाजार में मांग लगातार बढ़ रही है। अनलिस्टेड मार्केट में फिलहाल इसका प्रीमियम 46.52% है। IPO खुलने के दिन से ही इसमें बढ़त देखी जा रही है जो पहले के 43% से बढ़कर अब 46% हो चुका है। ₹23 के ऊपरी प्राइस बैंड GMP के साथ इस आईपीओ के करीब ₹33.7 पर लिस्ट होने की संभावना है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।