boAt IPO: ईयरफोन और वायरलेस स्पीकर जैसे इलेक्ट्रॉनिक्स सामान बनाने वाली देश की प्रमुख ब्रांड 'बोट (boAt)' भी अब जल्द ही शेयर बाजार में एंट्री करने जा रही है। शेयर मार्केट की रेगुलेटर सेबी (SEBI) ने boAt की पैरेंट कंपनी इमैजिन मार्केटिंग को अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लॉन्च करने की मंजूरी दे दी है। सेबी ने मंगलवार 2 सितंबर को जारी डॉक्यूमेंट में यह जानकारी दी।
boAt ने अप्रैल 2025 में गोपनीय रूप से सेबी के पास अपना IPO आवेदन जमा कराया था। रिपोर्टों के मुताबिक, boAt अपने आईपीओ को करीब 13,000 करोड़ रुपये के वैल्यूएशन पर लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।
बता दें कि यह boAt का शेयर बाजार में लिस्ट होने का दूसरा प्रयास है। इससे पहले जनवरी 2022 में कंपनी ने 2,000 करोड़ रुपये का IPO लाने के आवेदन जमा कराए थे। इसमें से 900 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 1,100 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल था।
इमैजिन मार्केटिंग की शुरुआत 2013 में अमन गुप्ता और समीर मेहता ने मिलकर की थी। कंपनी के प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में ऑडियो गियर से लेकर स्मार्ट वियरेबल्स, पर्सनल ग्रूमिंग प्रोडक्ट्स और मोबाइल एक्सेसरीज तक शामिल हैं।
कंपनी ने इस बार IPO के लिए कॉनफिडेंशियल प्री-फाइलिंग का रास्ता चुना है। यह तरीका भारतीय कंपनियों में पिछले कुछ समय से तेजी लोकप्रिय हो रहा है। साल 2024 में स्विगी और विशाल मेगा मार्ट ने भी इसी रूट से अपना सफल IPO लॉन्च किया था।
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह गोपनीय रूट कंपनियों को अधिक फ्लैक्सिबिलिटी देता है और उनपर IPO लॉन्च करने का दबाव कम करता है। पारंपरिक रूट में जहां SEBI की मंजूरी के बाद 12 महीने के भीतर IPO लाना होता है, वहीं प्री-फाइलिंग रूट में कंपनी के पास 18 महीने तक का समय होता है। इसके अलावा, UDRHP स्टेज तक कंपनियां अपने इश्यू साइज को 50% तक एडजस्ट भी कर सकती हैं।
boAt के अलावा, 12 और कंपनियों को भी सेबी से IPO के लिए मंज़ूरी मिली है। इनमें अर्बन कंपनी, जूनिपर ग्रीन एनर्जी, ऑलकेम लाइफसाइंस, ओमनिटेक इंजीनियरिंग, KSH इंटरनेशनल, रवि इन्फ्राबिल्ड प्रोजेक्ट्स, मोरी टेक, प्रायोरिटी ज्वेल्स, कोरोना रेमेडीज, ओम फ्रेट फॉरवर्डर्स, जैन रिसोर्स रीसाइक्लिंग और पेस डिगिटेक शामिल हैं।
इस साल अब तक करीब 50 कंपनियां शेयर बाजार में लिस्ट हो चुकी हैं। इनमें से दर्जनभर से अधिक कंपनियों ने सिर्फ पिछले महीने अगस्त में स्टॉक एक्सचेंजों पर एंट्री की।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।