Brigade Hotel Ventures IPO: ब्रिगेड होटल वेंचर्स का IPO आज, 24 जुलाई को सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है। बोली के पहले दिन यह आईपीओ 28 प्रतिशत सब्सक्राइब हो गया है। NSE के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी द्वारा ऑफर किए गए 5,11,93,987 शेयरों के मुकाबले 1,42,58,404 शेयरों के लिए बोलियां मिली हैं। रिटेल निवेशकों का हिस्सा 124 प्रतिशत सब्सक्राइब हो गया, जो इस आईपीओ के लिए निवेशकों के जबरदस्त रुझान को दिखाता है। गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) के कोटे को 18 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिला है।
ब्रिगेड होटल वेंचर्स का IPO पूरी तरह से ₹759.6 करोड़ के इक्विटी शेयरों का फ्रेश इश्यू है। इसका प्राइस बैंड ₹85 से ₹90 प्रति शेयर तय किया गया है। कंपनी ने ऑफर साइज का 75 प्रतिशत योग्य संस्थागत खरीदारों के लिए, 15 प्रतिशत गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए और शेष 10 प्रतिशत रिटेल निवेशकों के लिए रिजर्व किया है। इस IPO को 28 जुलाई तक सब्सक्राइब किया जा सकेगा। कंपनी के शेयरों के 31 जुलाई को स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट होने की उम्मीद है। जेएम फाइनेंशियल और आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज इस इश्यू के बुक-रनिंग लीड मैनेजर हैं।
इश्यू से मिलने वाले फंड में से ₹468.14 करोड़ का उपयोग कर्ज चुकाने के लिए किया जाएगा, जबकि ₹107.52 करोड़ प्रमोटर, BEL से लैंड का एक हिस्सा खरीदने के लिए उपयोग होंगे। बाकी बचा हुआ फंड अधिग्रहण, रणनीतिक उपायों और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
अब जानिए कंपनी के बारे में
ब्रिगेड होटल वेंचर्स लिमिटेड बेंगलुरु बेस्ड रियल एस्टेट कंपनी ब्रिगेड एंटरप्राइजेज लिमिटेड (BEL) की सहायक कंपनी है। BEL ने 2004 में अपने पहले होटल, ग्रांड मर्क्योर बेंगलुरु के साथ हॉस्पिटैलिटी बिजनेस में एंट्री लिया। कंपनी के पोर्टफोलियो में बेंगलुरु, चेन्नई, कोच्चि, मैसूरु और गिफ्ट सिटी में नौ ऑपरेटिंग होटल शामिल हैं, जिनमें कुल 1,604 कमरे है। ये होटल मैरियट, एकॉर और इंटरकांटिनेंटल होटल्स ग्रुप जैसी वैश्विक हॉस्पिटैलिटी कंपनियों द्वारा ऑपरेट किए जाते हैं।
बजाज ब्रोकिंग ने निवेशकों को लंबी अवधि के लिए Brigade Hotel Ventures के IPO को सब्सक्राइब करने की सलाह दी है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।