Canara Robeco AMC IPO: सस्ता और अच्छा है इस म्यूचुअल फंड कंपनी का IPO? 5 प्वाइंट में समझें
Canara Robeco AMC IPO: म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का एक और बड़ा नाम शेयर बाजार में उतरने जा रहा है। केनरा रोबेको एसेट मैनेजमेंट कंपनी (Canara Robeco AMC) का 1,326 करोड़ रुपये का आईपीओ आज 9 अक्टूबर से बोली के खुल गया है। यह भारत की पांचवीं म्यूचुअल फंड कंपनी होगी जो शेयर बाजार में लिस्ट होगी। कंपनी का आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) है
Canara Robeco AMC IPO: यह शेयर बाजार में लिस्ट होने वाली भारत की पांचवीं म्यूचुअल फंड कंपनी होगी
Canara Robeco AMC IPO: म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का एक और बड़ा नाम शेयर बाजार में उतरने जा रहा है। केनरा रोबेको एसेट मैनेजमेंट कंपनी (Canara Robeco AMC) का 1,326 करोड़ रुपये का आईपीओ आज 9 अक्टूबर से बोली के खुल गया है। यह भारत की पांचवीं म्यूचुअल फंड कंपनी होगी जो शेयर बाजार में लिस्ट होगी। कंपनी का आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) है। इसके तहत केनरा बैंक और ORIX कॉरपोरेशन यूरोप एनवी कंपनी में पनी हिस्सेदारी घटाकर 75% कर लेंगे, जबकि बाकी 25% हिस्सेदारी पब्लिक के पास जाएगी। आईपीओ का प्राइस बैंड 253 से 266 रुपये प्रति शेयर रखा गया है।
यह म्यूचुअल फंड कंपनी, केनरा बैंक और ORIX कॉरपोरेशन की ज्वाइंट वेंचर है। अभी तक इसमें केनरा बैंक की 51 प्रतिशत और ORIX कॉरपोरेशन की 49 प्रतिशत हिस्सेदारी है। कंपनी के पास जून 2025 तक 1.11 लाख करोड़ रुपये का एसेट्स अंडर मैनेजमेंट है, जो 26 स्कीम्स में फैली हैं। कंपनी का 87% AUM रिटेल निवेशकों से आता है। SBI सिक्योरिटीज के मुताबिक, कंपनी को केनरा बैंक के बड़े ब्रांच नेटवर्क से सपोर्ट मिलता है
1. तेजी से बढ़ती म्यूचुअल फंड कंपनी
केनरा रोबेको एएमसी का AUM अभी 1.11 लाख करोड़ रुपये है। इस आधार पर यह देश की 18वीं सबसे बड़ी AMC है। तुलनात्मक रूप से, यह SBI म्यूचुअल फंड (₹11.4 लाख करोड़) और ICICI प्रूडेंशियल MF (₹9.44 लाख करोड़) जैसे दिग्गजों से काफी पीछे है। लेकिन अपने छोटे बेस के बावजूद यह DSP म्यूचुअल फंड (27.8%) और मिराए एसेट MF (26.6%) जैसे मिड-साइज कंपनियों के समान ग्रोथ दर्ज कर रही है। FY23 से FY25 के बीच कंपनी का कुल AUM सालाना 28.6% CAGR की दर से बढ़ा है। यह इसे ग्रॉथ परफॉर्मेंस में 11वें स्थान पर रखता है, जबकि इसके पास इंडस्ट्री के कुल AUM का महज 1.54% हिस्सा है।
2. इक्विटी सेगमेंट पर मजबूत पकड़
Canara Robeco की सबसे बड़ी खासियत इसका इक्विटी फोकस्ड पोर्टफोलियो है। FY25 तक कंपनी की 91.7% AUM इक्विटी फंड्स में है। इसके मुकाबले HDFC AMC में यह 61.9%, Nippon Life में 48.1%, और Aditya Birla Sun Life में 43.7% है। इक्विटी AUM में तेजी से ग्रोथ के चलते कंपनी का रेवेन्यू और शुद्ध मुनाफा क्रमशः 40.5% और 55.4% CAGR की दर से बढ़े हैं। यह पूरी इंडस्ट्री में “बेस्ट-इन-क्लास ग्रोथ” मानी जा रही है।
3. छोटे शहरों में बड़ी पकड़
Canara Robeco के पास इंडस्ट्री की सबसे मजबूत रिटेल फ्रेंचाइजी में से एक है। जून 2025 तक इसका रिटेल AUM शेयर 49.96% था, जो केवल Quant Mutual Fund (57.81%) से पीछे है। कंपनी की B-30 (Top 30 शहरों से बाहर) मौजूदगी भी उल्लेखनीय है। इसका 23.98% AUM छोटे शहरों से आता है, जो टॉप 10 AMCs में सबसे अधिक है।
₹27,900 करोड़ का यह B-30 AUM, Quant MF (₹30,700 करोड़) के बाद दूसरे स्थान पर है। यह विस्तार Canara Bank के 52,000 डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर्स की वजह से संभव हुआ है।
4. डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और ऑपरेशनल दक्षता
कंपनी के पास ₹1,03,344 करोड़ का औसत AUM (QAAUM) है, जिसमें से ₹94,757 करोड़ इक्विटी में निवेशित हैं। हालांकि इसका डिस्ट्रीब्यूटर बेस (50,935) अभी HDFC AMC (95,000) और Nippon Life AMC (1.11 लाख) से छोटा है, लेकिन आगे इसके बढ़ने की काफी संभावना है।
लागत दक्षता (cost efficiency) के मोर्चे पर भी कंपनी ने बड़ा सुधार दिखाया है। इसका कॉस्ट-टू-इनकम रेशियो FY23 में 47.7% से घटकर FY25 में 36.2% पर आ गया है। तुलनात्मक रूप से, HDFC MF का यह अनुपात 19%, Nippon India MF का 29.5%, और DSP MF का 47.7% है। कर्मचारियों से जुड़ी लागतें भी घट रही हैं। FY23 में यह 29.1% थी, जो FY25 में 21.9% पर आ गई।
5. मजबूत वित्तीय प्रदर्शन और आकर्षक वैल्यूएशन
FY25 में Canara Robeco AMC ने ₹404 करोड़ का रेवेन्यू और ₹191 करोड़ का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया। कंपनी का रिटर्न ऑन इक्विटी (RoE) 36.2% और नेट प्रॉफिट मार्जिन 47.2% रहा। यह इंडस्ट्री के औसत से कहीं अधिक है। IPO के ऊपरी मूल्य 266 रुपये प्रति शेयर पर इसका P/E रेशियो 21.7x बनता है, जो HDFC AMC (40.6x) और Nippon Life AMC (36.1x) से काफी सस्ता है। इसका मतलब है कि कंपनी के पास भविष्य में री-रेटिंग की संभावनाएं हैं।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।