Cellecor Gadgets IPO : 15 सितंबर को खुलेगा इश्यू, 50.77 करोड़ रुपये जुटाने का है लक्ष्य

Cellecor Gadgets IPO : सब्सक्रिप्शन के बाद सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट 25 सितंबर को होगा। 27 सितंबर को पात्र निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। 26 सितंबर को असफल निवेशकों के लिए रिफंड की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 28 सितंबर को NSE इमर्ज पर होगी

अपडेटेड Sep 07, 2023 पर 9:09 PM
Cellecor Gadgets का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 15 सितंबर को खुलने वाला है।

Cellecor Gadgets का IPO सब्सक्रिप्शन के लिए 15 सितंबर को खुलने वाला है। कंपनी का लक्ष्य आईपीओ के जरिए 50.77 करोड़ रुपये जुटाने का है। चावड़ा इंफ्रा और कुंदन एडिफिस के बाद अगले हफ्ते लॉन्च होने वाला यह तीसरा SME IPO होगा। इस आईपीओ के तहत 55.18 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे और इसमें ऑफर फॉर सेल के तहत कोई बिक्री नहीं होगी। यह आईपीओ 20 सितंबर को बंद हो जाएगा। एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू एक दिन पहले यानी 14 सितंबर को खुल जाएगा।

आईपीओ से जुड़ी डिटेल

कंपनी ने आईपीओ के लिए 87-92 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। दिल्ली स्थित इलेक्ट्रॉनिक गैजेट बनाने वाली कंपनी ने मार्केट मेकर के लिए 2.54 करोड़ रुपये मूल्य के 2.76 लाख इक्विटी शेयर आरक्षित किए हैं। शेष 52,42,800 शेयर नेट इश्यू कंपोनेंट के अंतर्गत आते हैं। नेट इश्यू का 50 फीसदी हिस्सा यानी 26,21,400 शेयर क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए आरक्षित है। शेष 15 फीसदी हिस्सा (7,86,420 शेयर) हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल के लिए और 35 फीसदी (18,34,980 शेयर) खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है।


लॉट साइज

निवेशकों को कम से कम 1200 शेयरों के लॉट साइज में निवेश करना होगा। उसके बाद इसके मल्टीपल में बोली लगाई जा सकती है। रिटेल निवेशकों को कम से कम 1,10,400 रुपये का निवेश करना होगा।

कहां होगा फंड का इस्तेमाल

कंपनी फ्रेश इश्यू से होने वाली आय में से 40 करोड़ रुपये का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए करेगी। इसके अलावा, शेष फंड का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए और आईपीओ से संबंधित खर्चों के लिए किया जाएगा।

जरूरी डेट्स

सब्सक्रिप्शन के बाद सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट 25 सितंबर को होगा। 27 सितंबर को पात्र निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। 26 सितंबर को असफल निवेशकों के लिए रिफंड की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। आईपीओ शेड्यूल के मुताबिक कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 28 सितंबर को NSE इमर्ज पर होगी। नारनोलिया फाइनेंशियल सर्विसेज ऑफर की मर्चेंट बैंकर है और स्काईलाइन फाइनेंशियल सर्विसेज रजिस्ट्रार है।

कंपनी के बारे में

Cellecor टेलीविजन, मोबाइल फोन, स्मार्ट वियरेबल्स, मोबाइल एक्सेसरीज, स्मार्ट वॉच और नेकबैंड की खरीद, ब्रांडिंग और डिस्ट्रिब्यूशन के काम में लगी हुई है। कंपनी के पास 1200 से अधिक सर्विस सेंटर के नेटवर्क और 800 से अधिक डिस्ट्रिब्यूटर्स के साथ-साथ 24,000 से अधिक खुदरा स्टोरों में प्रोडक्ट्स उपलब्ध है। इसके 300 से अधिक उत्पाद हैं जो इसके प्रमुख ब्रांड, सेलेकॉर के तहत बेचे जा रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।