Cellecor Gadgets IPO : सेलेकोर गैजेट्स का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 15 सितंबर को खुलने वाला है। निवेशकों के पास इसमें 20 सितंबर तक निवेश का मौका होगा। वहीं, एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू एक दिन पहले यानी 14 सितंबर को खुल जाएगा। कंपनी ने इश्यू के लिए 87-92 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। ग्रे मार्केट में इस आईपीओ को लेकर पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। कंपनी के शेयरों को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के इमर्ज प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होने की उम्मीद है। लिस्टिंग की संभावित तारीख 28 सितंबर है।
निवेशक एक लॉट में कम से कम 1,200 शेयरों के लिए और उसके बाद 1,200 शेयरों के मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। यानी खुदरा निवेशकों को कम से कम 1,10,400 रुपये का निवेश करना होगा। इस आईपीओ के तहत 50.77 करोड़ रुपये के 55.18 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे और इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत कोई बिक्री नहीं होगी।
कंपनी ने मार्केट मेकर के लिए 2.54 करोड़ रुपये मूल्य के 2.76 लाख इक्विटी शेयर आरक्षित किए हैं। शेष 52,42,800 शेयर नेट इश्यू कंपोनेंट के अंतर्गत आते हैं। SS कॉरपोरेट सिक्योरिटीज और कांतिलाल छगनलाल सिक्योरिटीज इस इश्यू के मार्केट मेकर हैं। नेट ऑफर का लगभग 50 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए और शेष 15 प्रतिशत नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के लिए अलग रखा गया है।
मार्केट एनालिस्ट्स के मुताबिक अन-लिस्टेड मार्केट में सेलेकोर गैजेट्स का मौजूदा ग्रे मार्केट प्रीमियम (जीएमपी) 20 रुपये है। ग्रे मार्केट एक अनऑफिशियल मार्केट है जिसमें लिस्टिंग तक IPO शेयर खरीदे और बेचे जा सकते हैं।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल
दिल्ली स्थित इलेक्ट्रॉनिक गैजेट बनाने वाली कंपनी फ्रेश इश्यू से प्राप्त आय में से 40 करोड़ रुपये का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए करेगी। शेष फंड का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों और आईपीओ से संबंधित खर्चों के लिए किया जाएगा। नारनोलिया फाइनेंशियल सर्विसेज इस इश्यू का एकमात्र मैनेजर है, जबकि स्काईलाइन फाइनेंशियल सर्विसेज रजिस्ट्रार है।
31 मार्च 2023 को समाप्त वित्तीय वर्ष में रवि अग्रवाल-प्रमोटेड सेलेकोर गैजेट्स ने 7.97 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया है। कंपनी का इस दौरान ऑपरेशन से राजस्व 264.35 करोड़ रुपये रहा। कंपनी के पाश भारत में 1200 से अधिक सर्विस सेंटर, 300 से अधिक प्रोडक्ट्स और 10 करोड़ यूजर्स हैं। कंपनी टेलीविजन, मोबाइल फोन, स्मार्ट वियरेबल्स, मोबाइल एक्सेसरीज, स्मार्ट घड़ियां और नेकबैंड की खरीद, ब्रांडिंग और डिस्ट्रिब्यूशन का काम करती है।