अहमदाबाद की पैसेंजर मोबिलिटी कंपनी 'चार्टर्ड स्पीड' ने अपने IPO का साइज घटाकर 433 करोड़ रुपये कर दिया है। यह बदलाव कैपिटल मार्केट रेगुलेटर SEBI की ओर से रेगुलेटरी फ्रेमवर्क में किए गए संशोधनों के बाद किया गया। अब इस IPO में 333 करोड़ रुपये के नए शेयर (फ्रेश इश्यू) जारी होंगे। साथ ही 100 करोड़ रुपये का ऑफर-फॉर-सेल (OFS) रहेगा। OFS के तहत, कंपनी के प्रमोटर पंकज गांधी और उनकी पत्नी अलका गांधी दोनों 50-50 करोड़ रुपये तक के शेयर बेचेंगे।
SEBI ने 13 अप्रैल के अपने रेगुलेशन और इस साल 12 अक्टूबर को 'एसोसिएशन ऑफ इनवेस्टमेंट बैंकर्स' को भेजे गए एक संदेश के जरिए कंपनियों को एक छूट दी है। छूट यह है कि कंपनियां अपने 'ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस' (DRHP) को दोबारा फाइल किए बिना, अपने फ्रेश इश्यू के आकार को 50 प्रतिशत तक घटा या बढ़ा सकती हैं। इसी के अनुसार, चार्टर्ड स्पीड ने अपने फ्रेश इश्यू का आकार कम कर दिया है।
IPO को जनवरी में मिली थी मंजूरी
कंपनी ने सितंबर 2025 में SEBI के पास IPO के लिए ड्राफ्ट पेपर जमा किए थे। उस वक्त कहा गया था कि इश्यू से 855 करोड़ रुपये जुटाने का इरादा है, IPO में 655 करोड़ रुपये का नए शेयर जारी किए जाएंगे और 200 करोड़ रुपये का OFS रहेगा। SEBI ने जनवरी 2026 में चार्टर्ड स्पीड के IPO को मंजूरी दे दी थी।
कैसे इस्तेमाल होंगे IPO के पैसे
कंपनी ने फ्रेश इश्यू से मिलने वाली रकम के इस्तेमाल की योजना में भी बदलाव किया है। कुल रकम में से 50.2 करोड़ रुपये का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक बसें खरीदने के लिए किया जाएगा। 205 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने में खर्च होंगे। बाकी बची रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट कार्यों के लिए किया जाएगा।
अपने ड्राफ्ट पेपर में, चार्टर्ड स्पीड ने बताया कि वह सस्टेनेबिलिटी पर विशेष जोर देते हुए, धीरे-धीरे जीवाश्म ईंधन (fossil fuels) से चलने वाले व्हीकल्स को हटाना चाहती है। कंपनी ने अपने फ्लीट के 25 प्रतिशत हिस्से को इलेक्ट्रिक व्हीकल में बदलने का लक्ष्य रखा था। चार्टर्ड स्पीड IPO को मैनेज करने के लिए मोतीलाल ओसवाल इनवेस्टमेंट एडवाइजर्स और SBI कैपिटल मार्केट्स को मर्चेंट बैंकर नियुक्त किया गया है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।