Clean Max Enviro IPO: रिन्यूएबल एनर्जी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी Clean Max Enviro Energy Solutions का ₹3,100 करोड़ के आईपीओ का आज दूसरा दिन है। इस आईपीओ में संस्थागत निवेशकों (QIB) की ओर से अच्छी डिमांड देखी जा रही है, लेकिन ग्रे मार्केट से मिल रहे ठंडे संकेतों ने छोटे निवेशकों को थोड़ा सतर्क कर दिया है। अब तक कुल 42% सब्सक्रिप्शन मिल चुका है। इस इश्यू में 25 फरवरी तक बोली लगाई जा सकती है।
दूसरे दिन दोपहर तक के आंकड़ों के अनुसार, अलग-अलग कैटेगरी में निवेशकों का रुझान कुछ ऐसा है:
कुल सब्सक्रिप्शन: अब तक यह इश्यू 0.42 गुना यानी 42% भरा है।
संस्थागत खरीदार(QIB): इस कैटेगरी में सबसे ज्यादा उत्साह दिखा है, जो 1.21 गुना भर चुका है।
रिटेल: रिटेल निवेशकों (RII) की हिस्सेदारी केवल 4% भर पाया है।
NII: गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) का कोटा 31% भरा है।
कर्मचारी कोटा: कर्मचारियों के लिए आरक्षित हिस्सा 5% सब्सक्राइब हुआ है।
प्राइस बैंड: ₹1,000 से ₹1,053 प्रति शेयर तय किया गया है।
महत्वपूर्ण डेट्स: 25 फरवरी को बोली लगाने का अंतिम दिन है।
न्यूनतम निवेश: एक लॉट में 14 शेयर हैं, जिसके लिए रिटेल निवेशकों को कम से कम ₹14,742 निवेश करने होंगे।
अब कंपनी के बारे में जानिए?
2010 में शुरू हुई यह कंपनी मुख्य रूप से कमर्शियल और इंडस्ट्रियल ग्राहकों को रिन्यूएबल पावर और कार्बन क्रेडिट समाधान प्रदान करती है। कंपनी सोलर और विंड एनर्जी के जरिए बिजली बेचती है और उनके रखरखाव की सेवाएं देती है। ₹1,200 करोड़ के फ्रेश इश्यू से मिलने वाली राशि का बड़ा हिस्सा (₹1,122.6 करोड़) कंपनी का कर्ज चुकाने में खर्च किया जाएगा, जिससे कंपनी की बैलेंस शीट मजबूत होगी।
एक्सपर्ट्स की राय: बोली लगाए या नहीं?
बाजार विशेषज्ञों की इस आईपीओ को लेकर राय मिली-जुली है। लेमन मार्केट्स डेस्क और आदित्य बिड़ला मनी जैसे एक्सपर्ट्स ने इसे लंबी अवधि के लिए 'सब्सक्राइब' करने की सलाह दे रहे हैं। उनका मानना है कि डेटा सेंटर और AI की वजह से बिजली की बढ़ती मांग कंपनी के भविष्य के लिए अच्छी है। वहीं स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट ने इसे 'न्यूट्रल' रेटिंग दी है। उनके अनुसार, कंपनी का वैल्यूएशन थोड़ा महंगा है और इस पर कर्ज का बोझ भी अधिक है, जिससे शॉर्ट टर्म या लिस्टिंग गेन की गुंजाइश कम नजर आती है।
लिस्टिंग गेन की क्या है उम्मीदें?
Clean Max Enviro Energy के आईपीओ को लेकर ग्रे मार्केट में हलचल काफी ठंडी नजर आ रही है। आज के लेटेस्ट आंकड़ों के अनुसार, कंपनी के शेयर मात्र ₹1 के प्रीमियम (GMP) पर ट्रेड कर रहे हैं, जो इसके ऊपरी प्राइस बैंड ₹1,053 का मात्र 0.09% है। यह फ्लैट प्रीमियम संकेत देता है कि फिलहाल बाजार में इस शेयर से किसी बड़े शॉर्ट-टर्म मुनाफे या धमाकेदार लिस्टिंग की उम्मीद नहीं है। हालांकि, एक्सपर्ट्स का मानना है कि ग्रे मार्केट के रुझान केवल एक संकेत होते हैं और कंपनी के मजबूत फंडामेंटल्स लंबी अवधि के निवेशकों के लिए ज्यादा मायने रखते हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।