CMR Green IPO : एक हफ्ते में 160% उछला GMP, क्या आपको लगाना चाहिए पैसा? जानिए एक्सपर्ट्स से

CMR Green IPO : फरीदाबाद की CMR Green Technologies का IPO 3 जून को खुल रहा है। एक हफ्ते में इसका GMP 160% बढ़ा है। हालांकिस एक्सपर्ट्स इसे आकर्षक वैल्यूएशन के बावजूद कुछ जोखिमों वाला IPO मान रहे हैं। जानिए पूरी डिटेल।

अपडेटेड Jun 02, 2026 पर 11:18 PM
कुंवरजी वेल्थ सॉल्यूशंस ने इस IPO को लंबी अवधि के नजरिए से सब्सक्राइब करने की सलाह दी है।

CMR Green IPO : प्राइमरी मार्केट में CMR Green Technologies का IPO 3 जून को खुलने जा रहा है। इश्यू खुलने से पहले ही ग्रे मार्केट में इसकी जोरदार चर्चा है। बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ती दिख रही है और इसका असर GMP में भी नजर आ रहा है।

प्राइस बैंड और GMP कितना है?

CMR Green ने IPO का प्राइस बैंड 182 रुपये से 192 रुपये प्रति शेयर तय किया है। निवेशक कम से कम 78 शेयरों के लिए आवेदन कर सकते हैं। यानी रिटेल निवेशक को एक लॉट के लिए अधिकतम 14,976 रुपये लगाने होंगे। इश्यू 5 जून को बंद होगा, जबकि एंकर निवेशकों के लिए बुक 2 जून को खुलेगी।


इनवेस्टरगेन के मुताबिक, CMR Green Technologies का ग्रे मार्केट प्रीमियम 63 रुपये तक पहुंच गया है। ऊपरी प्राइस बैंड 192 रुपये के हिसाब से देखें तो यह करीब 33% संभावित लिस्टिंग गेन का इशारा करता है।

दिलचस्प बात यह है कि जब कंपनी ने प्राइस बैंड का ऐलान किया था, तब इसका GMP सिर्फ 24 रुपये था। यानी करीब एक हफ्ते में ही GMP में 160% से ज्यादा का उछाल आया है।

एक्सपर्ट्स की क्या राय है?

कुंवरजी वेल्थ सॉल्यूशंस ने इस IPO को लंबी अवधि के नजरिए से सब्सक्राइब करने की सलाह दी है। ब्रोकरेज का कहना है कि CMR Green गैर-लौह धातु रीसाइक्लिंग इंडस्ट्री की प्रमुख कंपनियों में शामिल है।

ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी की ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस लगातार बेहतर हुई है। इसकी उत्पादन क्षमता भी इस सेक्टर में सबसे बड़ी कंपनियों में गिनी जाती है। यही वजह है कि उद्योग में इसे पसंदीदा पार्टनर माना जाता है।

इस आईपीओ में क्या हैं जोखिम?

स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट का कहना है कि 27.13 के पी/ई वैल्यूएशन पर यह IPO अपने प्रतिस्पर्धियों की तुलना में आकर्षक दिखता है। हालांकि कुछ बातें चिंता बढ़ाती हैं। पूरा इश्यू OFS है और प्रमोटर हिस्सेदारी बेच रहे हैं। इसके अलावा वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को नुकसान भी हुआ था।

ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी का मार्जिन काफी कम है और उसका कारोबार कुछ चुनिंदा ग्राहकों पर ज्यादा निर्भर है। इसलिए इसे हाई-रिस्क IPO माना जा सकता है। इसी वजह से ब्रोकरेज ने IPO को "न्यूट्रल" रेटिंग दी है। हालांकि, उसका कहना है कि ज्यादा जोखिम लेने वाले निवेशक लिस्टिंग गेन के लिए आवेदन करने के बारे में सोच सकते हैं।

 CMR Green को IPO से पैसा नहीं मिलेगा

यह IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है। इसके तहत प्रमोटर और दूसरे शेयरधारक 3,28,58,323 इक्विटी शेयर बेच रहे हैं। इसके जरिए करीब 630.88 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे।

चूंकि पूरा इश्यू OFS है, इसलिए इस IPO से कंपनी को कोई पैसा नहीं मिलेगा। इश्यू से मिलने वाली पूरी रकम शेयर बेचने वाले मौजूदा शेयरधारकों के पास जाएगी।

 CMR Green क्या करती है?

फरीदाबाद की CMR Green Technologies गैर-लौह धातुओं की रीसाइक्लिंग करने वाली कंपनी है। कंपनी मुख्य रूप से सेकेंडरी एल्युमिनियम बाजार में काम करती है और एल्युमिनियम व जिंक डाई-कास्टिंग एलॉय बनाती है।

इसके अलावा कंपनी रीसाइकिल्ड एल्युमिनियम एलॉय, जिंक एलॉय इंगोट, स्टेनलेस स्टील, कॉपर, ब्रास, जिंक, लेड और मैग्नीशियम स्क्रैप जैसे कई उत्पाद तैयार करती है। कंपनी ऑटोमोबाइल और अन्य उद्योगों के लिए एल्युमिनियम बिलेट्स भी बनाती है।

किन कंपनियों को सप्लाई करती है?

CMR Green के ग्राहकों में Honda Cars India, Bajaj Auto, Hero MotoCorp, Royal Enfield, Endurance Technologies, Maruti Suzuki और Jindal Stainless जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं।

कंपनी का दावा है कि उसके पास इस सेक्टर में सबसे बड़ी उत्पादन क्षमताओं में से एक है। यही वजह है कि बड़े ऑटोमोबाइल निर्माताओं और ऑटो कंपोनेंट कंपनियों के बीच उसकी मजबूत पकड़ है।

 

 CMR Green की कमाई कैसी है?

31 दिसंबर 2025 तक के नौ महीनों में कंपनी ने 6,291 करोड़ रुपये की आय पर 162.39 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया।

वहीं वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी की कुल आय 6,696.66 करोड़ रुपये रही और शुद्ध लाभ 155.04 करोड़ रुपये रहा। मौजूदा वैल्यूएशन के आधार पर कंपनी का मार्केट कैप करीब 4,205 करोड़ रुपये बैठता है।

कब होगी शेयरों की लिस्टिंग?

इक्विरस कैपिटल, ICICI सिक्योरिटीज और मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। वहीं Kfin Technologies इस इश्यू की रजिस्ट्रार है।

कंपनी के शेयर 10 जून को BSE और NSE पर लिस्ट होने की संभावना है।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।