CPS Shapers IPO : शेपवियर बनाने वाली कंपनी सीपीएस शेपर्स के आईपीओ को निवेशकों की शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। बिडिंग के दूसरे दिन तक यह इश्यू 66.26 गुना सब्सक्राइब हो गया है। इश्यू में रिटेल निवेशकों ने जमकर निवेश दांव लगाया है। इस आईपीओ को करीब 3.60 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिल गई हैं, जबकि ऑफर पर 6 लाख शेयर हैं। निवेशकों के पास इसमें 31 अगस्त तक निवेश का मौका है। यह एक फिक्स्ड प्राइस इश्यू है, जिसके लिए 185 रुपये का ऑफर प्राइस रखा गया है।
सब्सक्रिप्शन से जुड़ी पूरी डिटेल
इस आईपीओ को सभी कैटेगरी में निवेशकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। रिटेल निवेशकों के लिए रिजर्व हिस्से को सबसे ज्यादा 97.97 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। इसके अलावा, नॉन इंस्टीट्यूशनल बायर्स का हिस्सा 30.50 गुना सब्सक्राइब किया गया है। शेपवियर कंपनी ने कुल 6 लाख शेयरों में से 31,200 शेयर मार्केट मेकर के लिए आरक्षित किए हैं। शेष 5,68,800 इक्विटी शेयर खुदरा निवेशकों और हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल के बीच समान रूप से बांटे गए हैं।
यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू पर बेस्ड है, यानी इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत कोई बिक्री नहीं होगी। इस टेक्सटाइल कंपनी का इरादा आईपीओ के जरिए 11.10 करोड़ रुपये जुटाने का है। सीपीएस शेपर्स के शेयरों की लिस्टिंग NSE SME पर होगी। इस आईपीओ के लिए 600 शेयरों का लॉट साइज तय किया गया है। इसका मतलब है कि निवेशकों को कम से कम 111,000 रुपये का निवेश करना होगा। श्रेनी शेयर्स इस इश्यू का मर्चेंट बैंकर है, जबकि बिगशेयर सर्विसेज ऑफर का रजिस्ट्रार है।
सब्सक्रिप्शन के बाद सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट 5 सितंबर को होगा। असफल निवेशकों के लिए रिफंड की प्रक्रिया 6 सितंबर से शुरू हो जाएगी। 7 सितंबर को सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। इसके बाद कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 8 सितंबर को होगी।
सीपीएस शेपर्स का बिजनेस पूरे भारत में फैला हुआ है। कंपनी का डिस्ट्रिब्यूटर नेटवर्क 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों में है। इसका एक एक्सपोर्ट डिविजन भी है और यह FY23 के लिए की गई बिक्री के आधार पर कनाडा, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त राज्य अमेरिका को प्रोडक्ट्स सप्लाई कर रहा है।