CPS Shapers IPO : शेपवियर बनाने वाली कंपनी सीपीएस शेपर्स का आईपीओ 29 अगस्त को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। निवेशकों के पास इसमें 31 अगस्त तक निवेश का मौका होगा। यह एक फिक्स्ड प्राइस इश्यू है, जिसके लिए 185 रुपये का ऑफर प्राइस रखा गया है। इस आईपीओ के तहत 6 लाख शेयरों की बिक्री की जाएगी। यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू पर बेस्ड है, यानी इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत कोई बिक्री नहीं होगी। इस टेक्सटाइल कंपनी का इरादा आईपीओ के जरिए 11.10 करोड़ रुपये जुटाने का है।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल
फ्रेश इश्यू से होने वाली आय का इस्तेाल प्लांट और मशीनरी, कमर्शियल व्हीकल और सोलर पावर सिस्टम की खरीद के लिए किया जाएगा। फंड का इस्तेमाल मौजूदा आईटी सॉफ्टवेयर के अपग्रेडेशन के लिए और कर्ज के भुगतान के लिए भी किया जाना है। कंपनी ने बताया कि इसे वर्किंग कैपिटल जरूरतों और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए भी खर्च किया जाएगा। अभिषेक कमल कुमार और राजेंद्र कुमार द्वारा प्रमोटेड सीपीएस शेपर्स अपने ब्रांड नाम Dermawear और YDIS के तहत पुरुषों और महिलाओं के लिए शेपवियर बनाती है।
सीपीएस शेपर्स के शेयरों की लिस्टिंग NSE SME पर होगी। इस आईपीओ के लिए 600 शेयरों का लॉट साइज तय किया गया है। इसका मतलब है कि निवेशकों को कम से कम 111,000 रुपये का निवेश करना होगा। श्रेनी शेयर्स इस इश्यू का मर्चेंट बैंकर है, जबकि बिगशेयर सर्विसेज ऑफर का रजिस्ट्रार है।
सब्सक्रिप्शन के बाद सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट 5 सितंबर को होगा। असफल निवेशकों के लिए रिफंड की प्रक्रिया 6 सितंबर से शुरू हो जाएगी। 7 सितंबर को सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। इसके बाद कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 8 सितंबर को होगी।
सीपीएस शेपर्स का बिजनेस पूरे भारत में फैला हुआ है। कंपनी का डिस्ट्रिब्यूटर नेटवर्क 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों में है। इसका एक एक्सपोर्ट डिविजन भी है और यह FY23 के लिए की गई बिक्री के आधार पर कनाडा, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त राज्य अमेरिका को प्रोडक्ट्स सप्लाई कर रहा है।
महाराष्ट्र स्थित डर्मावियर शेपवियर का वित्तीय प्रदर्शन पिछले सालों में मजबूत रहा है। मार्च 2023 को समाप्त वित्तीय वर्ष में कंपनी का मुनाफा सालाना 56.7 फीसदी बढ़कर 2.46 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, राजस्व पिछले साल की तुलना में 38 फीसदी बढ़कर 36.8 करोड़ रुपये हो गया। इसी अवधि के दौरान EBITDA 101.3 प्रतिशत बढ़कर 4.81 करोड़ रुपये हो गया।