Crop Life Science IPO : क्रॉप लाइफ साइंस का आईपीओ कल यानी 18 अगस्त को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। निवेशक इस इश्यू में 22 अगस्त तक निवेश कर सकेंगे। कंपनी ने 10 रुपये के फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर के लिए 52 रुपये का प्राइस तय किया गया है। यह एक BSE SME आईपीओ है, जिसके जरिए कंपनी 26.73 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। आईपीओ के तहत 51.40 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं, इममें ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए कोई बिक्री नहीं होगी।
क्रॉप लाइफ साइंस के आईपीओ के लिए मिनिमम लॉट साइज 2000 शेयरों का है। इसका मतलब है कि प्राइस बैंड के हिसाब से निवेशकों को कम से कम 104,000 रुपये का निवेश करना होगा। कंपनी के रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस के अनुसार कंपनी का इरादा इश्यू के माध्यम से जुटाई गई शुद्ध आय का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, लॉन्ग टर्म वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा। इसके अलावा, सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए भी फंड का इस्तेमाल होगा।
राजेश लुनागरिया और अश्विनकुमार लुनागरिया कंपनी के प्रमोटर हैं। क्रॉप लाइफ साइंस आईपीओ के लीड मैनेजर इंटरएक्टिव फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड हैं, और रजिस्ट्रार पूर्वा शेयरजिस्ट्री प्राइवेट लिमिटेड हैं।
सब्सक्रिप्शन के बाद क्रॉप लाइफ साइंस के आईपीओ के तहत शेयरों का अलॉटमेंट 25 अगस्त को होगा। वहीं, असफल निवेशकों के लिए रिफंड की प्रक्रिया 28 अगस्त को शुरू हो जाएगी। सफल निवेशकों के डिमैट अकाउंट में 29 अगस्त को शेयर क्रेडिट हो जाएंगे। शेड्यूल के मुताबिक लिस्टिंग की तारीख 30 अगस्त रखी गई है।
ग्रे मार्केट में क्या है अपडेट
ग्रे मार्केट में क्रॉप लाइफ साइंस के आईपीओ को लेकर सुस्ती देखने को मिल रही है। अनलिस्टेड मार्केट में आज 17 अगस्त को यह इश्यू महज 3 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 55 रुपये के भाव पर हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 5.77 फीसदी का मुनाफा होगा।
क्रॉप लाइफ साइंस एक एग्रो केमिकल कंपनी है जो एग्रो केमिकल फॉर्मूलेशन की मैन्युफैक्चरिंग, डिस्ट्रिब्यूशन और मार्केटिंग के बिजनेस में लगी हुई है। एग्रीकल्चर केमिकल में कीटनाशक और माइक्रो फर्टिलाइजर शामिल हैं। इसके अलावा कीटनाशकों में कीटनाशक, कवकनाशी, शाकनाशी और खरपतवारनाशी शामिल हैं।
साल 2006 में कंपनी ने GIDC अंकलेश्वर (गुजरात) में अपनी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के लिए गुजरात इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (GIDC) से 99 वर्षों की अवधि के लिए लगभग 5831.10 वर्ग मीटर जमीन लीज के आधार पर ली थी। कंपनी ने वर्ष 2006-07 में कीटनाशकों और माइक्रो फर्टिलाइजर की मैन्युफैक्चरिंग एक्टिविटी शुरू की थीं।