पाइपिंग सॉल्यूशन कंपनी डी डेवलपमेंट इंजीनियर्स का आईपीओ 19 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। निवेशकों के पास इस आईपीओ में 21 जून तक निवेश का मौका रहेगा। कंपनी का इरादा इश्यू के जरिए 418 करोड़ जुटाने का है। कंपनी ने इसके लिए प्राइस बैंड भी तय कर दिया है और निवेशक इसमें 193-203 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बोली लगा सकेंगे। इस आईपीओ के तहत 325 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, 93.01 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत होगी।
DEE Development Engineers IPO से जुड़ी डिटेल
OFS के हिस्से के रूप में प्रमोटर कृष्ण ललित बंसल द्वारा 45.82 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री की जाएगी। निवेशक एक लॉट में कम से कम 73 इक्विटी शेयरों और उसके बाद इसके मल्टीपल में आवेदन कर सकते हैं। डी डेवलपमेंट इंजीनियर्स कंपनी आईपीओ से होने वाली आय का उपयोग वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने, कंपनी द्वारा लिए गए कुछ बकाया उधारों के रीपेमेंट और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।
सब्सक्रिप्शन के बाद सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट 24 जून को होने की उम्मीद है। वहीं, रिफंड की प्रक्रिया 25 जून से शुरू हो जाएगी। लिस्टिंग के लिए संभावित तारीख 26 जून है। एसबीआई कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड और इक्विरस कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड डीईई पाइपिंग सिस्टम्स आईपीओ के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं, जबकि लिंक इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड आईपीओ के लिए रजिस्ट्रार है।
DEE Development Engineers के बारे में
डी डेवलपमेंट इंजीनियर्स कंपनी इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और मैन्युफैक्चरिंग के माध्यम से ऑयल और गैस, पावर (परमाणु सहित), केमिकल और अन्य प्रोसेस इंडस्ट्रीज जैसे उद्योगों के लिए स्पेशलाइज्ड प्रोसेस पाइपिंग सॉल्यूशन प्रदान करती है। यह पाइपिंग प्रोडक्ट्स भी बनाती है। कंपनी के पास हरियाणा, गुजरात, राजस्थान और थाईलैंड में छह मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी है। डी डेवलपमेंट को स्थापित क्षमता के मामले में देश में प्रोसेस पाइपिंग सॉल्यूशन में सबसे बड़ी कंपनी माना जाता है।
DEE Development Engineers की वित्तीय स्थिति
31 दिसंबर 2023 को समाप्त नौ महीनों में कंपनी ने ₹380.23 करोड़ के रेवेन्यू के साथ ₹14.34 करोड़ का नेट प्रॉफिट दर्ज किया। वित्तीय वर्ष 2022-23 में इसका नेट प्रॉफिट ₹614.32 करोड़ के रेवेन्यू के साथ ₹12.97 करोड़ रहा।